कांग्रेस के अंदर सियासत का द्वार बना हरिद्वार, हरक और हरीश के बीच छिड़ी सियासी जंग
हरिद्वार सीट को लेकर अभी से सक्रिय हुए हरक और हरीश
देहरादून, 19 जुलाई। उत्तराखंड की सियासत में आने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान हरिद्वार सबसे हॉट सीट बनने जा रही है। ये सीट कांग्रेस के लिए अभी से सबसे हॉट बन गई है। कांग्रेस के अंदर दो बड़े दिग्गज पूर्व सीएम हरीश रावत और हरक सिंह रावत अभी से हरिद्वार सीट को लेकर आमने सामने नजर आने लगे हैं। हरक सिंह के हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते ही पूर्व सीएम हरीश रावत ने हरिद्वार पहुंचकर अपनी सक्रियता और शक्तिप्रदर्शन किया।

कांग्रेस के अंदर दिख रही नई हलचल
बीते दिनों अचानक हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ हरिद्वार पहुंचे तो कांग्रेस के अंदर हलचल तेज हो गई। कई दिनों से सुस्त पड़ी कांग्रेस में मानों करंट दौड़ पड़ा। हरक सिंह ने हरिद्वार से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर दी। इतना ही नहीं हरक सिंह रावत ने कहा कि हरीश रावत को बड़ा दिल दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा यदि पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ने का अवसर देगी तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। इसलिए हरीश रावत को भी बड़ा दिल दिखाना चाहिए। हरक सिंह ने हार के लिए इशारों में एक बार फिर हरीश रावत को ही जिम्मेदार ठहराया है। अब हरक सिंह रावत के हरिद्वार पहुंचने के एक हफ्ते बाद हरीश रावत हरिद्वार में सक्रिय हो गए। सोमवार को हरीश रावत ने हरिद्वार एक आश्रम में कांग्रेसियों की भीड़ जुटाई। हरक सिंह रावत के हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जताने पर उन्होंने कहा कि पहले हरिद्वार आकर कांग्रेस को मजबूत तो करें। जहां तक मेरे बड़ा दिल दिखाने की बात है तो वह बहुत बड़ा है, तभी तो हरक सिंह आज कांग्रेस में हैं।
हरक और हरीश के बीच जुबानी जंग
कांग्रेस के अंदर सियासी बदला घटनाक्रम 12 जुलाई से शुरू हुआ जब अचानक भूपतवाला स्थित एक आश्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उप नेता भुवन कापड़ी समेत कई बड़े नेताओं के साथ पहुंचे। इस दौरान हरक सिंह ने हरिद्वार लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। इसमें हरक सिंह रावत ने हरीश रावत को बड़ा दिल दिखाने की बात कही थी। इसके अगले ही दिन हरीश रावत पथरी क्षेत्र के फेरूपुर में अचानक से एक स्वागत कार्यक्रम में पहुंच गए थे। अब सोमवार को भूपतवाला के राधा कृष्ण धाम में कांग्रेसियों से मिलने के लिए हरीश रावत पहुंचे। इस दौरान हरीश रावत ने इशारों इशारों में हरक सिंह को निशाने पर लिया।
हरीश रावत के लिए खास है हरिद्वार
2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर अभी से कांग्रेस के अंदर कई नए समीकरण बनते हुए नजर आ रहे हैं। हरिद्वार लोकसभा सीट उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। पूर्व सीएम हरीश रावत हरिद्वार सीट से 2009 से 2014 तक सांसद रहे। 2014 से अब तक दो बार भाजपा के रमेश पोखरियाल निशंक सांसद हैं। 2014 में हरीश रावत की पत्नी रेणुका रावत इस सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुकी हैं लेकिन वह चुनाव हार गई थी। ऐसे में हरिद्वार सीट हरीश रावत के लिए पहले से ही काफी अहम मानी जाती है। हरीश रावत ने 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान हरिद्वार ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ा लेकिन वे चुनाव हार गए। इसके बाद 2022 में हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत को टिकट दिया गया अब वे इस सीट से विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications