Haridwar news: पिता ने रची अपने ही मासूम बच्चों के अपहरण की साजिश, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
Haridwar news: हरिद्वार में अपहरण का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पिता की शिकायत के बाद पूरा पुलिस महकमा अलर्ट हो गया लेकिन पुलिस ने अपहरण के मास्टरमाइंड पिता का सच सामने लाया है। जिसने बच्चों के स्कूल संचालकों पर फीस के चक्कर में दबाव बनाने के लिए अपहरण की पूरी साजिश को रचा था।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से चंद घंटो में घटना का सच पताकर बुआ के घर से दोनों बच्चे बरामद कर लिए हैं। घटना का सच पता लगने के बाद हर कोई हैरान है।

हरिद्वार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 14 सितंबर को धनपुरा थाना पथरी निवासी मुनव्वर पुत्र रियासत ने थाना पथरी पर आकर शिकायत दी कि उसके 14 और 11 वर्ष के दो नाबालिक बच्चों का अपहरण हो गया है। थाने द्वारा नाबालिक बच्चों से जुड़े गंभीर प्रकरण पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर सीनियर पुलिस ऑफिसर्स को जानकारी दी गई।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा बच्चों की जल्द से जल्द बरामदगी के संबंध में दिए गए कड़े निर्देश पर टीमें गठित कर बच्चों की तलाश शुरु की गई। पुलिस टीम स्कूल के आसपास से सुराग जुटाते हुए ग्राम बसेड़ी पहुंची तो दोनों गुमशुदा बच्चे अपनी बुआ के घर पर सुरक्षित मिले।
पड़ताल करने पर पता चला कि वादी मुकदमा के दोनों बच्चे प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। करीब एक लाख रुपये फीस जमा न होने पर स्कूल प्रबंधन बच्चों से फीस लेकर आने के लिए कह रहा था। इस बीच मुनव्वर के दिमाग में खुराफाती विचार आया और उसने स्कूल प्रबंधन पर दबाव बनाकर फीस माफ कराने के लिए अपने बच्चों के अपहरण का सारा नाटक रच दिया।
मुनव्वर ने ठोस प्लानिंग के तहत पथरी पुलिस पर सहयोग न करने के आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस में गुहार लगाने की भी बात कही थी, लेकिन हरिद्वार पुलिस की दक्षता के चलते सारा सच सामने आ गया।












Click it and Unblock the Notifications