हरिद्वार धर्म संसदः पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की FIR, हेट स्पीच को लेकर हो रहा है विरोध
नई दिल्ली। उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित एक धर्म संसद के दौरान वक्ताओं के भाषण को लेकर काफी नाराजगी जताई जा रही है। इस धर्म संसद में वक्ताओं ने कथित तौर पर दूसरे धर्म के खिलाफ हिंसा की पैरवी की और हिंदू राष्ट्र के लिए संघर्ष का आह्वाहन किया। वहीं अब पूर्व सेना प्रमुखों, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने इसकी निंदा की है साथ ही कार्रवाई की मांग की है। घटना के चार दिन बाद एफआईआर दायर की गई है। इस एफआईआर में केवल एक व्यक्ति नामजद है, जो अभी हाल ही में मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म को अपनाया है। हालांकि अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इस संसद में शामिल हुए कई वक्ताओं ने अपने संबंध सत्ताधारी भाजपा से होने का दावा किया। वहीं इस मामले पर हरिद्वार के एसपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दरअसल इस कार्यक्रम का आयोजन एक धार्मिक नेता यति नरसिंहानंद ने किया था, जिनपर पहले से हेट स्पीच से हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप है।
तृणमूल कांग्रेस नेता और आरटीआई कार्यकर्ता साकेत गोखले ने इस मामले में आयोजकों और वक्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। तीन दिवसीय इस धर्मसंसद का समापन सोमवार को हुआ था। साकेत गोखते की शिकायत के मुताबिक कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों में हिंदू रक्षा सेना के प्रबोधानंद गिरी, भाजपा महिला विंग की नेता उदिता त्यागी और भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय हैं, जो हेट स्पीच केस में बेल पर हैं।
वहीं नौसेना के पूर्व प्रमुख ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इसे रोका क्यों नहीं जा रहा है, हमारे जवान दो मोर्चों पर दुश्मनों का सामना कर रहे हैं। क्या हम सांप्रदायिक रक्तपाल, घरेलू उथलपुथल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनामी चाहते हैं। वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी अपने ट्वीट में हरिद्वार वीडियो को फ्लैग किआ है।
वहीं उत्तराखंड पुलिस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि एक धर्म विशेष के खिलाफ भड़काऊ भाषण देकर नफरत फैलाने के आरोप में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेते हुए वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी व अन्य के खिलाफ कोतवाली हरिद्वार में आईपीसी की धारा 153ए के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications