Haridwar संत सम्मेलन में बोले CM धामी: सनातन धर्म को बदनाम करने वालों को नहीं बख्शेंगे, ये हस्तियां रहीं मौजूद
Haridwar हरिद्वार में भारत माता मंदिर के संस्थापक 'पद्मभूषण' ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के समाधि स्थली पर श्रीविग्रह मूर्ति स्थापना समारोह पर संत सम्मेलन का आयोजन हुआ। सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में कुछ लोग अपना भेष बदलकर अपनी पहचान छुपा रहे थे। उन्होंने कहा कि जो सनातन धर्म को बदनाम करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ आपरेशन कॉलनेमी चलाकर कठोर कार्रवाई की।
कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज जी ने भारत माता मंदिर की स्थापना कर राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सनातन चेतना को एक सशक्त आधार प्रदान किया। उन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान को समाजसेवा से जोड़कर सनातन परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

कहा, आज चारों ओर सनातन संस्कृति का जयघोष हो रहा है। यह केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, परंपरा और जीवन दृष्टि का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में सनातन की यह गौरवशाली पताका पूरे देश में पुनः नई चेतना के साथ फहरा रही है। भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापारिक समझौते को लेकर जहां एक और संत उत्साहित हैं तो वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
सीएम धामी ने कहा इससे न केवल किसानों बल्कि हर वर्ग के व्यक्ति को लाभ होगा। उन्होंने उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि ट्रंप और मोदी की वार्ता के बाद टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 पर आ गया है. जिसका आने वाले दिनों में फायदा होगा। योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा अमेरिका ने जो टैरिफ कम किया है वो कोई उपहार नहीं है बल्कि भारत की ताकत है।
भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के गुरुदेव समाधि मंदिर में उनकी मूर्ति स्थापना समारोह के दूसरे दिन आध्यात्मिक और राजनीतिक जगत की कई जानी मानी हस्तियों ने प्रतिभाग किया। इसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समेत कई अतिथि शामिल रहे.












Click it and Unblock the Notifications