UK NEWS 7 साल से फरार चल रहा 50 हजार का ईनामी मुम्बई से किया गिरफ्तार, हरिद्वार में ऐसे किया था लाखों का फ्रॉड
UK NEWS: उत्तराखंड पुलिस ने धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड द्वारा की गई लाखों की धोखाधड़ी में वांछित पचास हजार के ईनामी अभियुक्त अनिल कुमार तिवारी को उत्तराखण्ड पुलिस सीआईडी ने मुम्बई से गिरफ्तार किया है। आरोपी 7 साल से फरार चल रहा था।
फ्रॉड केस में दो लोगों को आरोपी बनाया गया था। अभियुक्तों ने हरिद्वार में एक प्राइवेट कंपनी बनाकर स्थानीय लोगों से आरडी और एफडी के नाम पर 12 लाख से ज्यादा की ठगी की गई थी। आरोपियों के विरुद्ध 10 केस दर्ज हैं, जिनमें से 09 यूपी के जिलों में दर्ज है।

हरिद्वार में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड, ज्वालापुर, हरिद्वार द्वारा स्थानीय नागरिकों के साथ आर.डी. एवं फिक्स डिपॉजिट के नाम पर किए गए आर्थिक धोखाधड़ी प्रकरण में उत्तराखण्ड पुलिस की सीआईडी-ईकॉनॉमिक ऑफेंसेस विंग (EOW) ने 50 हजार के ईनामी अभियुक्त अनिल कुमार तिवारी को कल्याण, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया है।
धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड, ज्वालापुर, हरिद्वार द्वारा स्थानीय नागरिकों से आरडी और फिक्स डिपॉजिट कराने के नाम पर विभिन्न बॉन्ड/सर्टिफिकेट जारी कर लगभग ₹12,26,800/- की धोखाधड़ी किए जाने का खुलासा विवेचना में हुआ। कंपनी के संचालकों-अनिल कुमार तिवारी एवं देवेंद्र प्रकाश तिवारी-की संलिप्तता पर संबंधित धाराओं में पाई गई।
विवेचना में उक्त दोनों वाछित अभियुक्तों पर अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा ₹50,000-50,000 का ईनाम घोषित किया गया। अभियुक्तगण अनिल कुमार तिवारी पुत्र स्व० जागेश्वर तिवारी, निवासी ए-1597 1.10 आवास विकास कालोनी, हंसपुरम्, नौबस्ता, कानपुर उ०प्र० (मैनेजिंग डॉयरेक्टर) व देवेन्द्र प्रकाश तिवारी, निवासी ए-1508 LIG आवास विकास कालोनी, हंसपुरम नौबस्ता कानपुर, यूपी, की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेजी गई थी।
दोनों अभियुक्त लगभग 07 वर्षों से फरार चल रहे थे। आरोपियों के विरुद्ध कुल 10 आपराधिक अभियोग पंजीकृत हैं, जिनमें से 09 उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। उनकी गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किए गए और संभावित स्थानों पर टीमें भेजी गईं।
सीआईडी खंड देहरादून के खंडाधिकारी मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अनिल कुमार तिवारी को 07 दिसम्बर 2025 को कल्याण, मुम्बई से गिरफ्तार किया। स्थानीय न्यायालय, ठाणे में प्रस्तुत कर ट्रांज़िट रिमाण्ड प्राप्त किया गया है और अभियुक्त को आगे की कार्रवाई के लिए हरिद्वार लाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications