बेल्ट और चप्पल से पीटा, जबरन बाल काटे, Doon Medical College में रैगिंग करने वाले 9 छात्र किए गए सस्पेंड
Doon Medical College News: देहरादून के गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के दो मामलों में नौ छात्रों को सस्पेंड कर कड़ी कार्रवाई की गई है। एक जूनियर एमबीबीएस छात्र की शिकायत पर प्रशासन ने यह कदम उठाया। इस छात्र को सीनियर छात्रों ने बेल्ट और चप्पल से पीटा और जबरन बाल काटने का भी प्रयास किया था।
कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी ने जूनियर स्टूडेंट की लिखित शिकायत पर तुरंत जांच की और अपनी रिपोर्ट प्रिंसिपल डॉ. गीता जैन को सौंपी। इस रिपोर्ट ने 12 जनवरी की घटना की पुष्टि की, जिसमें 2025 एमबीबीएस बैच के एक छात्र को वरिष्ठों ने कथित तौर पर बेल्ट व चप्पलों से पीटा और उसके बाल जबरन काट दिए थे।

हॉस्टल के अंदर किया उत्पीड़न
जांच के दौरान, रैगिंग का एक और मामला भी सामने आया, जहां एक छात्र ने अपने वरिष्ठों पर हॉस्टल के अंदर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर, कॉलेज प्रशासन ने 2023 और 2024 एमबीबीएस बैच के कुल नौ छात्रों को हॉस्टल और कक्षाओं दोनों से निष्कासित कर दिया।
दी गई ये सजा और लगाया गया 50 हजार रुपये का जुर्माना
पहले मामले में, जूनियर छात्र पर शारीरिक हमला करने के आरोपी दो छात्रों को पूरे एकेडेमिक सेशन और इंटर्नशिप अवधि के लिए हॉस्टल से बाहर किया गया है। उन्हें दो महीने कक्षाओं में शामिल होने से भी प्रतिबंधित किया गया है और प्रत्येक पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से सात छात्रों की पहचान की गई
दूसरे रैगिंग केस में, सीसीटीवी फुटेज की मदद से सात छात्रों की पहचान की गई थी। इन सभी छात्रों को हॉस्टल से तीन महीने के लिए और कक्षाओं से एक महीने के लिए निष्कासित किया गया है। कॉलेज प्रशासन ने इन घटनाओं पर कठोर रुख अपनाया है।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गीता जैन ने एएनआई को बताया कि, "यह कार्रवाई एंटी-रैगिंग कमेटी की सख्त सिफारिशों पर ही की गई है।" उन्होंने वार्डनों और स्टाफ सदस्यों को हॉस्टलों में लगातार निगरानी रखने, साथ ही छात्रों के साथ नियमित बातचीत और काउंसलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। डॉ. जैन ने दृढ़तापूर्वक कहा कि "रैगिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी" और यह भी कि "अनुशासनहीनता में शामिल किसी भी छात्र को बख्शा नहीं जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications