PWD में सर्विस बुक गायब होने पर 'भगवान' का सहारा, पत्र वायरल होने पर मांगा स्पष्टीकरण, हैरान करने वाला मामला
उत्तराखंड में सरकारी विभाग का एक पत्र चर्चा का विषय बन गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने सर्विस बुक खोने के बाद भगवान का सहारा लेने की कोशिश की। इसके लिए आदेश तक जारी किया गया जिसमें 'दो मुट्ठी चावल' कर्मचारियों से मंगाए गए थे।
जो कि पहाड़ में दैवीय आस्था से जुड़ा हुआ माना जाता है। लेकिन जैसे ही शासन तक पत्र पहुंचा हड़कंप मच गया।
शासन ने प्रकरण को गंभीरता से लिया और लोक निर्माण विभाग मुख्यालय ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

उत्तराखंड में लोक निर्माण विभाग के नाम से कार्यालय आदेश पत्र वायरल हो रहा है जो कि लोहाघाट अधिशासी अभियंता के कार्यालय के नाम से है। वायरल पत्र में लिखा गया है कि कार्यालय के ही एक अपर सहायक अभियंता की सर्विस बुक गायब हो गई है और इसका कहीं भी पता नहीं चल पा रहा है। कर्मचारियों को आदेशित करते हुए पत्र में लिखा गया है कि सभी कर्मचारी अपने घर से दो मुट्ठी चावल लेकर आएं।
ताकि इन्हें मंदिर में डाला जा सके और इसके बाद इस प्रकरण पर देवता ही न्याय करेंगे। पत्र वायरल हुआ तो हर जगह चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद शासन ने प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। जिस पर अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार को स्पष्टीकरण से जुड़ा पत्र भेज दिया गया। ये पत्र भी वायरल हो गया।
प्रमुख अभियंता कार्यालय ने स्पष्टीकरण का आदेश जारी कर कहा कि आशुतोष कुमार को 3 दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा और इस मामले में स्पष्टीकरण नहीं मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध कर्मचारी आचरण नियमावली 2002 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि अधिकारी इस पर क्या स्पष्टीकरण देते हैं।
सरकारी विभाग में इस तरह का पहला अजीबोगरीब मामला सामने आने से हर कोई हैरान है। हालांकि अब तक ये साफ नहीं हो पाया कि आदेश कहां से जारी हुआ और किसने किया। ये स्पष्टीकरण के जबाव के बाद ही साफ हो पाएगा। लेकिन जिस तरह सरकारी कामकाज में दैवीय आस्था का जिक्र हुआ है, उसके बाद से सिस्टम पर सवाल उठने तय हैं।












Click it and Unblock the Notifications