होली से पहले सौगात,टनकपुर से देहरादून के लिए नई ट्रेन, 12 मार्च से देहरादून और लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस
होली से पहले ट्रेन का सफर करने वाले सवारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। टनकपुर से देहरादून के लिए रेलवे नौ मार्च से नई ट्रेन चलाने जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं। ट्रेन के संचालन से कई बड़े शहरों के यात्रियों को फायदा होगा।

शनिवार को उत्तराखंड के टनकपुर रेलवे स्टेशन से शाम 7:40 बजे शुभारंभ किया जाएगा। उसके बाद यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:35 तक देहरादून रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। देहरादून स्टेशन से टनकपुर के लिए रविवार दोपहर 15:15 बजे ट्रेन को रवाना होगी। ट्रेन के संचालन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं।
टनकपुर एक्सप्रेस के संचालन से टनकपुर और देहरादून सहित बनबसा, खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, चंदोसी, मुरादाबाद, नजीबाबाद, लक्सर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। शनिवार को टनकपुर से ट्रेन का शुभारंभ होगा, जो रविवार सुबह यहां पहुंच जाएगी।
होली के लिए अभी से ट्रेनों में सीटों को लेकर वेटिंग शुरू हो गई है। उपासना, कोटा एक्सप्रेस और हावड़ा सुपरफास्ट सहित अन्य ट्रेनों में सीटें फुल हो गई है। 20 मार्च के बाद तो ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग 100 तक पहुंच गई है।
24 मार्च को होलिका दहन और 25 मार्च को होली है। ऐसे में देहरादून से लोगों ने अपने-अपने घरों को जाने के लिए अभी से ट्रेनों में बुकिंग शुरू कर दी है, जिसके चलते वेटिंग दिन पर दिन बढ़ती जा रही है।
देहरादून रेलवे स्टेशन से पूर्वाचल की तरफ जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा वेटिंग आ रही है। इनमें 20 से लेकर 25 मार्च के बीच लगातार वेटिंग बढ़ रही है।
12 मार्च से देहरादून और लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा। यह ट्रेन देहरादून से लखनऊ के बीच में केवल सात रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। उत्तर रेलवे ने ट्रेन के संचालन की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। अब देहरादून से लखनऊ का सफर बस चंद घंटो में पूरा हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications