Gangotri opening date 2026 नवरात्र पर तय हुआ कपाट खुलने का शुभ मुर्हूत,जानिए कब, गैर-सनातनियों की एंट्री बैन
Gangotri opening date 2026 विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। नवरात्र के पहले दिन आज गंगोत्री मंदिर समिति की ओर से गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तिथि घोषित की गई।
समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि अक्षया तृतीया पर 19 अप्रैल को शुभ लाभ बेला पर गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। 18 अप्रैल को गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगा जी भोगमूर्ति विग्रह डोली में सेना बैंड और ढोल दमाऊ के साथ दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी।

रात्रि विश्राम भैरव घाटी के भैरव मंदिर में करेंगी। फिर 19 अप्रैल सुबह सात बजे गंगोत्री धाम के लिए पैदल रवाना होगी। उसके बाद अक्षय तृतीया पर विधि विधान के साथ धाम के कपाट छह माह के लिए खोल दिए जाएंगे। समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान इस वर्ष मंदिर परिसर में गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।
इसके साथ ही मंदिर परिसर समेत गंगा घाट पर भी गैर सनातनी लोगों का प्रवेश वर्जित किया जाएगा। अरुण सेमवाल ने कहा यह पहली बार है जब गंगोत्री धाम में गैर सनातनियों के प्रवेश को वर्जित किया गया है। उन्होंने बताया कि सनातन की परंपरा और धार्मिक रिति रिवाज के चलते ये निर्णय लिया गया है।
उन्होंने शासन प्रशासन से इसमें सहयोग करने की अपील की है। बता दें कि चार धाम यात्रा का आगाज 19 अप्रैल से ही होगा। 19 अप्रैल को यमुनोत्री धाम के कपाट भी खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ व 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications