MLA Arvind Pandey news भाजपा विधायक को अतिक्रमण का नोटिस जारी, जानिए क्यों छिड़ा विवाद, सियासी घमासान भी तेज
Arvind Pandey news उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर की गदरपुर सीट से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर नोटिस जारी हुआ है। अरविंद पांडेय के समर्थक इस नोटिस के खिलाफ मुखर हो गए हैं। साथ ही इस प्रकरण के बाद से प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है।
इस बीच पूर्व सीएम और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक का गदरपुर दौरा भी सोशल मीडिया में खूब चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि अंतिम समय में इस दौरे को स्थगित करने की खबर सामने आई। जिसके बाद पार्टी के अंदर नई बहस शुरू हो गई है।

इस पूरे घटनाक्रम की देहरादून से लेकर दिल्ली तक चर्चा हो रही है। बता दें कि ये पूरा प्रकरण ऐसे समय में सामने आया जब गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड दौरे पर हरिद्वार में कई कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। भाजपा सरकार में अपने ही विधायक को अतिक्रमण का नोटिस मिलने पर सियासत गरमा गई है। भाजपा के अंदर से ही इस पूरे प्रकरण को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही है।
इसे गुटबाजी का नतीजा भी माना जा रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि अरविंद पांडेय का अपनी ही सरकार के खिलाफ कई बार बयानबाजी पार्टी को असहज कर चुकी है। इस बीच जिस तरह की अंधरुनी राजनीति प्रदेश में हो रही है, उससे आने वाले समय में विधायक को नोटिस जारी होने के प्रकरण से सियासी घमासान मचना तय माना जा रहा है।
बता दें कि उधमसिंह नगर में गूलरभोज में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोप में तहसील प्रशासन ने विधायक अरविंद पांडेय को नोटिस जारी किया है। विधायक के आवास परिसर से अवैध अतिक्रमण हटाने को तहसील प्रशासन ने नोटिस चस्पा किया है। आवास परिसर में बने कैंप कार्यालय की 0.158 हेक्टेयर भूमि पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाने संबंधित नोटिस दिया। नोटिस तामील की कार्रवाई की भनक लगते ही विधायक के समर्थकों का उनके आवास पर जमावड़ा लग गया।
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद से प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। इस घटना के बाद पूर्व सीएम और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का गदरपुर जाने का कार्यक्रम जारी हुआ। जिसमें सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार मदन कौशिक के भी साथ में जाने की बात की गई। लेकिन खबर लिखे जाने तक इस कार्यक्रम को स्थगित होने की जानकारी सोशल मीडिया से मिली। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार दौरे पर हैं। ऐसे में सांसदों और विधायकों के इस कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के भी सतर्क होने की जानकारी है। जिसके बाद अब विधायक और सांसदों के अगले कदम पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। विधायक अरविंद पांडेय त्रिवेंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications