उत्तराखंड कांग्रेस समन्वय समिति की पहली बैठक,निकाय और केदारनाथ उपचुनाव के अलावा इन मुद्दों पर हुई चर्चा
निकाय चुनाव और केदारनाथ उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश में बनाई गई कांग्रेस समन्वय समिति की पहली बैठक आज देहरादून में आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के नवनियुक्त सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में कांग्रेस ने नई रणनीति तैयार की। जिसमें कानून व्यवस्था को लेकर धामी सरकार को घेरने की प्लानिंग तैयार की गई। बता दें कि हाल ही में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के द्वारा की गई नियुक्तियों को स्थगित किया गया था।

ऐसे में समन्वय समिति इस बात का भी ध्यान रखेगी कि कोई भी संगठन या पार्टी में अपने स्तर से किसी तरह से निर्णय न ले सके। निकाय चुनाव और केदारनाथ उपचुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को देहरादून में कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व सीएम हरीश रावत,प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत समेत सभी सीनियर नेता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सुरेंद्र शर्मा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन को मजबूत किए जाने, केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा को दोबारा शुरू करने की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इसके बाद कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की। अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर पकड़े गए भाजपा विधायक के भाई के खिलाफ उचित कार्रवाई न होने का मुद्दा रखा। साथ ही देवभूमि में बढ़ रहे क्राइम को लेकर चिंता जताई।
कृषि मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति का मुद्दा भी ज्ञापन के जरिए राज्यपाल तक पहुंचाया। कांग्रेस के नेताओं ने राज्यपाल से आग्रह करते हुए कहा कि राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही है। इन घटनाओं में अधिकतर लोग सत्ता पक्ष के शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications