चार धाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ फर्जी पंजीकरण का खेल, दो टूर ऑपरेटर के खिलाफ केस दर्ज
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा को लेकर बनाए गए नियमों का अब पुलिस प्रशासन सख्ती से पालन करा रहा है। बिना पंजीकरण के किसी को भी यात्रा करने की छूट नहीं है।
बेरिकेडिंग से ऐसे यात्रियों को लौटा दिया जा रहा है। लेकिन इस बीच एक ऐसा खेल पकड़ा गया है, जिसको देखकर हर कोई हैरान है। यात्रा के लिए अब फर्जी पंजीकरण का खेल भी शुरू हो गया है।

उत्तरकाशी पंजीकरण सेंटर हिना में पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्रेशन का मामला पकड़ा है। पुलिस को बार कोड चेक करने पर दो यात्री बसों की रजिस्ट्रेशन की तारीख फर्जी मिली। जिससे दो टूर ऑपरेटर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दोनों बसों में 88 तीर्थयात्री सवार थे। श्रद्धालुओं ने बताया कि हरिद्वार से दो टूर ऑपरेटर द्वारा उनके रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाड़ा किया गया है। श्रद्धालुओं की तहरीर पर दोनों टूर ऑपरेटरों के खिलाफ कोतवाली मनेरी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उत्तरकाशी के एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि उत्तरकाशी पुलिस आपकी यात्रा को सरल, सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए लगातार तत्पर है, कोई भी यात्री बिना रजिस्ट्रेशन व रजिस्ट्रेशन की तिथि से पूर्व या बाद यात्रा पर न आएं। सभी श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधिकारिक साइट से ही करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी जालसाज के बहकावे में न आएं, यदि किसी का पंजीकरण फर्जी पाया जाता है तो उन्हें किसी भी दशा में यात्रा नहीं करने दी जाएगी, उन्हें वहीं से वापस लौटा दिया जायेगा। फर्जी पंजीकरण के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा 2024 के दौरान भारी मात्रा में श्रद्धालु श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम यात्रा पर आ रहे हैं, श्रद्धालुओं की बढती भीड़ व अत्याधिक यातायात दबाव की स्थिति में दोनों धाम के यात्रा रुट पर यातायात को गेट सिस्टम से चलाया जा रहा है, जिसमें संकरे स्थानों पर वाहनों को रोककर निश्चित समय अंतराल में वन-वे व्यवस्था से आवगामन कराया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications