पैसा और राजनीति में नहीं पड़ना, हमारे लिए...ऑपरेशन सिलक्यारा के रियल हीरो मुन्ना ने क्यों कही ये बड़ी बात
Uttarkashi silkyara tunnel rescue opration उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में 17 दिन तक फंसे रहे 41 श्रमिकों को बाहर निकलवाने में अहम भूमिका निभाने वाले रैट माइनर्स टीम की हर जगह जमकर तारीफ हो रही है। साथ ही धामी सरकार से लेकर विपक्ष भी सम्मान के रुप में धनराशि देने का ऐलान कर चुकी है। लेकिन रैट माइनर्स टीम धनराशि और राजनीति में न पड़ने की बात कर रहे हैं। उनका कहना है कि हमें पूरे देश में सम्मान मिल रहा है, ऐसे में हमें पैसे का लालच और राजनीति में नहीं पड़ना है।

रैट माइनर्स टीम के प्रमुख सदस्य मुन्ना कुरैशी ने अपने घर दिल्ली पहुंचने के बाद वन इंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि जो भी सरकार और राजनीतिक दल धनराशि देने का ऐलान कर रहें हैं, उनका धन्यवाद है। लेकिन उन्होंने ये काम इस बार 41 लोगों की जान बचाने के लिए किया है। न की पैसे कमाने के लिए। मुन्ना ने कहा कि घर लौटकर एक सुकून सा मिल रहा है। हर तरफ हमारी तारीफ हो रही है। बहुत अच्छा लग रहा है।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम में 12 लोग थे, 6 बुलंदशहर यूपी से और 6 दिल्ली से। उन्हें जब बताया गया कि सुरंग में फंसे लोगों को बचाना है तो वे बिना किसी बात किए ही उत्तरकाशी के लिए रवाना हो गए। मुन्ना ने बताया कि जिस कंपनी ने उन्हें उत्तरकाशी पहुंचाया।
उनकी तरफ से गाड़ी और खाने का पूरा इंतजाम किया गया था। साथ ही उन्होंने कंपनी से किसी तरह के पैसे या काम के बदले मिलनी वाली धनराशि का जिक्र नहीं किया। मुन्ना ने बताया कि वे लोग करीब 4 से 5 माह बेरोजगार रहते हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन काम कर वे 500 रुपए तक कमा लेते हैं। इस बीच जब बच्चा 10 रुपए भी मांगता है, तो कई बार हम उनकी डिमांड पूरी नहीं कर पाते।
ऐसे समय में बुरा तो लगता है। लेकिन इस बार हमें पूरे देशवासियों से बहुत प्यार, दुआ और सम्मान मिल रहा है। मुन्ना का कहना है कि पैसे तो वे कभी भी कमा लेंगे। लेकिन जो सम्मान देश भर से मिल रहा है और श्रमिकों के परिजनों की दुआएं उनके लिए काफी है। अब वे किसी राजनीति में नहीं पड़ना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications