DIWALI 2024: CM धामी ने परिवार के साथ मिट्टी के दीपक और मूर्तियां खरीदी,डिजिटल पेमेन्ट से किया भुगतान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को दीपावली के अवसर पर सपरिवार चकराता रोड़ स्थित कुमार शॉप का भ्रमण कर स्थानीय विश्वकर्मा बंधुओं से द्वारा तैयार किये गए मिट्टी के दीपक और मूर्तियां क्रय की साथ ही डिजिटल पेमेन्ट के माध्यम से भुगतान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर छोटे कारीगर बड़ी मेहनत से दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुएं बनाते हैं। हाथ से निर्मित होने के चलते इन वस्तुओं की लागत अधिक आती है। उन्होंने सभी से अपील की है कि हस्त निर्मित स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक क्रय करें जिससे इस पेशे से जुड़े लोगों की जीविका भी बनी रहे और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिले।

उन्होंने कहा कि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए वोकल फॉर लोकल के संदेश को आत्मसात करने की भी सभी को प्रेरणा मिलेगी। उन्होने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना विकसित भारत निर्माण का भी एक महत्वपूर्ण पहलू है।
उत्तराखण्ड सरकार के अधीन सभी विभाग और कार्यालयों की बैठकों, आयोजनों के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद खरीदे जाएंगे। हाउस ऑफ हिमालयाज, उत्तराखंड के महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों का कॉमन ब्रांड है। इसका उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हुआ है।
सचिव राधिका झा ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड अपने गुणवत्ता को लेकर भी कम समय में पहचान बनाने में कामयाब रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद ई कॉमर्स पोर्टल पर भी उपलब्ध हैं।
इसी क्रम में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की ओर से बुधवार को सभी विभागों ओर कार्यालयों प्रमुखों को पत्र लिखकर, विभिन्न विभागीय और कार्यालय की बैठकों, कार्यक्रमों, समारोहों और होली, दिवाली जैसे मुख्य त्यौहारों के मौके पर हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों को प्राथमिकता के आधार पर क्रय करने को कहा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिकी में तेजी आने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल, मंत्र से प्रेरणा लेते हुए, उत्तराखण्ड सरकार हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड को प्रोत्साहित कर रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के गुणवत्ता युक्त उत्पाद, दिवाली जैसे बड़े अवसर के लिए गिफ्ट पैक के रूप में भी उपलब्ध हैं। सभी राज्यवासी इन उत्पादों को खरीद कर अपने प्रदेश के ग्रामीण उद्यमियों की आजीविका बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications