धामी सरकार का एक्शन, सेवा विस्तार पर चल रहे कई अफसरों को किया कार्यमुक्त, BKTC के सीईओ की प्रतिनियुक्ति समाप्त
Dhami government BIG action धामी सरकार ने देर रात कई अफसरों का सेवा विस्तार खत्म किया तो प्रतिनियुक्ति को भी समाप्त कर दिया। धामी सरकार के इस फैसले से अफसरशाही में हलचल तेज है। आने वाले समय में सरकार इस तरह के और सख्त फैसले ले सकती है।
सबसे बड़ा फैसला सरकार ने यूपीसीएल और यूजेवीएनएल में लिया। यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के एमडी समेत कई अफसरों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। ये सभी अफसर सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

प्रमुख सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के अनुसार यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार को सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें अब कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह अब यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक यमुना वैली प्रथम डाकपत्थर और पिटकुल के प्रभारी निदेशक परिचालन गजेंद्र सिंह बुदियाल को यूपीसीएल के एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल को भी सरकार ने सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 को दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक भागीरथी वैली, यूजेवीएनएल के प्रभारी निदेशक परिचालन अजय कुमार सिंह को यूजेवीएनएल एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के इसके अलावा यूपीसीएल के निदेशक परियोजना अजय कुमार अग्रवाल को भी कार्यमुक्त कर दिया गया है। अभी उनकी जगह किसी को कार्यभार नहीं सौंपा गया है। उधर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) विजय प्रसाद थपलियाल की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्हें मूल विभाग कृषि उत्पादन मंडी समिति में भेजा गया है।
29 जुलाई 2024 को विजय प्रसाद थपलियाल को प्रतिनियुक्ति पर बीकेटीसी में सीईओ पद तैनात किया गया था। अब पर्यटन विभाग ने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले प्रतिनियुक्ति को निरस्त कर उन्हें पद से कार्यमुक्त कर दिया है। चार धाम यात्रा से पहले सरकार के इस फैसले को भी काफी अहम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications