Kedarnath dham yatra में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम, 24 घंटे में से 22 घंटे कराए जा रहे बाबा केदार के दर्शन
केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर को 24 घंटे में से 22 घंटे तक खुला रखा जा रहा है। रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक भक्तों को गर्भगृह के दर्शन कराए जा रहे हैं।

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। हालात ये है कि मंदिर को भक्तों के लिए 24 घंटे में से 22 घंटे तक खुला रखा जा रहा है। रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक भक्तों को गर्भगृह के दर्शन कराए जा रहे हैं। एक दिन में 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
संख्या के हिसाब से दर्शन का समय तय
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर सभा मंडप से ही दर्शन कराए जा रहे हैं। सरकार ने श्रद्धालुओं की भीड़ और मौसम को देखते हुए फिलहाल 16 जून तक पंजीकरण पर रोक लगाई हुई है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि यात्रियों की संख्या के हिसाब से दर्शन का समय तय किया जाता है। भीड़ को देखते ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर सके इसके लिए 22 घंटे तक खुला रखा जा रहा है।
अलर्ट जारी
चारों धाम वाले जिले उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिलों में फिलहाल बारिश से किसी तरह की राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिन प्रदेश में भारी वर्षा-ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ व बद्रीनाथ चारों धाम में बारिश का सिलसिला जारी है। केदारनाथ के लिए 13.16 लाख पंजीकरण चारधाम यात्रा के लिए अब तक 38.87 लाख से अधिक यात्री पंजीकरण कर चुके हैं। केदारनाथ धाम के लिए 13.16 लाख, बदरीनाथ धाम के लिए 11.51 लाख पंजीकरण हो चुके हैं। जबकि केदारनाथ धाम में अब तक 6.46 लाख और बदरीनाथ में 5.24 लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं।
हेली सेवा के नाम पर ठगी रोकने के लिए नई एडवाइजरी
केदारनाथ हेली सेवा के नाम पर ठगी रोकने के लिए एसटीएफ ने नई एडवाइजरी जारी की है। एसटीएफ ने असली-नकली वेबसाइट की पहचान के लिए टिप्स जारी किए हैं। साफ किया गया है कि हेली सेवा बुकिंग वेबसाइट पर अगर आपसे केवाईसी की जानकारी मांगी जाए तो वेबसाइट फर्जी हो सकती है। असली वेबसाइट पर इस तरह की जानकारी नहीं मांगी जाती। वेबसाइट के यूआरएल एड्रेस, टोल फ्री नंबर, पेज पर मौजूद लिंक की पहचान के बारे में भी बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications