ठेकेदार के बिल पास करने के एवज में मांगी रिश्वत,लघु सिंचाई का अधिशासी अभियंता 50 हजार की घूस लेते गिरफ्तार
विजिलेंस हल्द्वानी कुमाऊं की टीम ने लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता को 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। बताया गया कि ठेकेदार के बिल पास करने के एवज में अधिशासी अभियंता द्वारा रिश्वत मांगी गई थी।
विजिलेंस टीम द्वारा शिकायतकर्ता की शिकायत पर लघु सिंचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियन्ता कृष्ण सिंह कन्याल को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुये एक रिसॉर्ट से रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की थी कि वह सिंचाई विभाग के ठेकेदार हैं। पिछले वर्ष ग्राम सेलिया में लघु सिंचाई विभाग की गूल निर्माण का ठेका लिया गया था। लगभग 10 लाख रुपये का कार्य शिकायतकर्ता द्वारा किया गया।
निर्माण कार्य पूर्ण होने पर लघु सिंचाई खण्ड द्वारा दो किस्तों में किये गये भुगतान नौ लाख पचास हजार, जो जी.एस.टी. काटकर आठ लाख रूपये होता है, के भुगतान करने की एवज में कृष्ण सिंह कन्याल द्वारा उक्त आठ लाख का 20 प्रतिशत के रूप में 1 लाख 60 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है।
जिसकी शिकायत विजिलेंस से की गई। ठेकेदार की शिकायत पर विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए पहले जांच और ट्रेप किया। जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद 22 मई बुधवार देर शाम लघु सिंचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियन्ता कृष्ण सिंह कन्याल को रिजॉर्ट से 50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ जारी है।
निदेशक सतर्कता डॉ वी मुरूगेसन की ओर से सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नम्बर 9456592300 पर 24X7 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की गई है।












Click it and Unblock the Notifications