Delhi-Dehradun Expressway: 6 माह का इंतजार, ढाई घंटे में पूरा होगा देहरादून-दिल्ली सफर, ये है खूबी
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के बन जाने से अब देहरादून से दिल्ली के बीच का सफर महज ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा। जिसमें अभी 6 घंटे के आसपास समय लगता है। माना जा रहा है कि अगले 6 माह में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे। प्रोजेक्ट के निर्माण के बाद दिल्ली-देहरादून के बीच की दूरी 213 किलोमीटर रह जाएगी।

उत्तराखंड के लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि लक्ष्य के मुताबिक मार्च 2024 तक प्रोजेक्ट पूरी तरह जनता को समर्पित कर दी जाएगी। महाराज ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रदेश के लिए वरदान साबित होगा। विशेष रूप से प्रदेश में पर्यटन सेक्टर को नई दिशा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट का निर्माण छह लेन (एक्सेस कंट्रोल) के हिसाब से किया जा रहा है।
इसे न्यूनतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। इस कॉरिडोर से जनता का समय बचेगा और आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। प्रोजेक्ट का एक खास आकर्षण यह भी है कि सहारनपुर के गणेशपुर क्षेत्र से देहरादून की सीमा तक 12 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड भी बनाई जा रही है। इसके निर्माण के बाद वाहन ऊपर से गुजरेंगे और नीचे वन्यजीव स्वछंद विचरण कर सकेंगे।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट पर एक नजर
- कुल लंबाई- 213 किलोमीटर
- एलिवेटेड रोड की लंबाई- 12 किलोमीटर
- डाटकाली सुरंग की लंबाई- 340 मीटर
- 05 रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण
- 110 वाहन अंडरपास
- आबादी क्षेत्र में 76 किमी सर्विस रोड
- 29 किमी एलिवेटेड रोड के भाग
- 16 एग्जिट और एंट्री प्वाइंट।
प्रोजेक्ट की खास बातें
- नए एक्सप्रेसवे का मेन रूट दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून रहेगा।
- दिल्ली और देहरादून को कनेक्ट करने वाला नया एक्सप्रेसवे गाजियाबाद, बागपत, बड़ौत, शामली, सहारनपुर से भी होकर जाएगा। इसका निर्माण तीन चरण में किया जा रहा है।
- पहला चरण: दिल्ली के अक्षरधाम से प्रस्तावित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) जंक्शन के बीच 32 किलोमीटर लंबा 12 लेन का स्ट्रेच
- दूसरा चरण: दिल्ली में EPE जंक्शन से लेकर सहारनपुर बाईपास के पास गणेशपुर तक
- तीसरा चरण: गणेशपुर से लेकर देहरादून तक












Click it and Unblock the Notifications