Dehradun: जाम से निजात दिलाने को पुलिस कर रही ऑड-ईवन सिस्टम लागू करने की तैयारी, ये है प्लान
देहरादून में जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन वीकेंड पर ऑड-ईवन लागू करने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस जनता से सुझाव मांगने के बाद ही बड़ा फैसला लेगी।

देहरादून में ट्रैफिक की समस्या पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसके लिए लगातार प्रयोग किए जाते रहे हैं। अब पुलिस वीकेंड पर ऑड-ईवन व्यवस्था लागू करना चाहती है। इसके लिए जनता से सुझाव मांगे जा रहे हैंं।
रविवार को दून के एसएसपी अजय सिंह ने फेसबुक लाइव के जरिए जनता से सुझाव मांगे। पुलिस ने जनता के सुझावों के लिए अभी विकल्प खुला रखा है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा, शनिवार-रविवार को शहर में अत्यधिक भीड़ हो जाती है।
बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के हजारों वाहन के साथ जब स्थानीय लोग अपनी कार से निकलते हैं तो कई जगह जाम की स्थिति बन जाती है।कप्तान ने बताया कि इसके लिए पुलिस ने सर्वे किया था। फिलहाल इसे शनिवार और रविवार को ही परीक्षण के तौर पर लागू करने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए कोर एरिया भी चिन्हित किया गया है। साथ ही कई तरह के वाहन इस व्यवस्था से बाहर भी रहेंगे।
कोर क्षेत्र
राजपुर रोड, ओल्ड मसूरी रोड, चकराता रोड, सहारनपुर रोड, धर्मपुर क्षेत्र, ईसी रोड,
वाहनों को रहेगी छूट
व्यावसायिक वाहन, पर्यटकों के वाहन, दोपहिया वाहन, टैक्सी वाहन, इमरजेंसी व मालवाहक वाहन, अन्य जनपदों से देहरादून आने वाले वाहन
वीकेंड पर मसूरी, धनोल्टी और दूसरे पर्यटक स्थलों पर जाने वाले वाहनों की वजह से शहर से लेकर बाहर तक गाड़ियों के कतार लग जाते हैं। कई दिन घंटों तक ट्रैफिक फंसा हुआ रहता है। इसके लिए कई बार कोशिश भी की गई। लेकिन अब तक कोई ठोस उपाय नहीं निकल पाया है। देहरादून पुलिस इसके लिए कई बार प्रयोग भी करती रही है लेकिन अब ऑड-ईवन के जरिए नया प्रयोग करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इससे दूनवासियों को कई दूसरे तरह के ट्रांसपोर्ट की आवश्यकता हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications