Dehradun News नए साल पर जमकर हुआ जश्न, डीजीपी-एसएसपी खुद रहे ग्राउंड जीरो पर, शराबियों की हवालात में कटी रात
Dehradun News देहरादून में नए साल के जश्न को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। देर रात तक लोग सड़कों पर जमकर जश्न मनाते दिखे। जिसके लिए पुलिस की ओर से पहले से ही तैयारियां की गई थी। इस दौरान पुलिस ने हुड़दंगियों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर जमकर कार्रवाई भी की।
पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 62 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर सभी 62 वाहनों को सीज किया। इस बीच उत्तराखंड पुलिस के डीजीपी दीपम सेठ और एसएसपी देहरादून अजय सिंह खुद ग्राउंड जीरो पर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे।

अधिकारियेां को निर्देश देने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साह वर्धन भी किया। नव वर्ष की पूर्व रात्रि पर डीजीपी दीपम सेठ ने खुद देहरादून के व्यस्तम मार्गो का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने नव वर्ष की पूर्व संध्या व नववर्ष के अवसर पर भारी संख्या मे पर्यटकों के देहरादून, मसूरी व आसपास के पर्यटक स्थलों पर आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने को एसएसपी देहरादून को आवश्यक निर्देश दिए।
साथ ही ड्यूटी के दौरान अपने व्यवहार संयमित रखने और देहरादून आने वाले पर्यटकों की हर सम्भव सहायता के लिए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों का उत्साह वर्धन करते हुए उनके साथ सूक्ष्म जलपान कर सभी को नववर्ष की बधाई दी।
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 62 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर सभी 62 वाहनों को सीज किया। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सभी थाना क्षेत्रो में पुलिस द्वारा सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, साथ ही जनपद की सीमाओ व आंतरिक मार्गों पर पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर सभी वाहन चालकों की एल्कोमीटर के माध्यम से सघन चेकिंग सुनिश्चित की गयी।
एसएसपी देहरादून द्वारा स्वयं देर रात्रि तक क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।












Click it and Unblock the Notifications