Dehradun Disaster: आपदा में अब तक 23 की मौत, 17 लोग लापता, राहत एवं बचाव कार्य जारी, अब तक के अपडेट
Dehradun Disaster: देहरादून में आई आपदा ने इस बार जमकर तबाही मचाई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान छह और शव मिले। जिससे मृतकों की संख्या 23 हो गई है। 17 लोग अब भी लापता बताए जा रहे है। रेस्क्यू टीमें अब भी सर्च अभियान चला रही हैं।
देहरादून से मसूरी जाने वाला मार्ग दो दिन तक बंद रहा। जो कि गुरुवार दोपहर बाद खुल गया। जिला प्रशासन अब राहत बचाव कार्य में तेजी ला रहा है। हालांकि गुरुवार को देर रात से दिन तक रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर मसूरी, रायपुर समेत आपदाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रशासन भी मौजूद रहा।

देहरादून में सोमवार देर रात बादल फटने की घटना के बाद आई आपदा में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को छह और लोगों के शव मिले हैं। इनमें चार शव देहरादून में और दो शव सहारनपुर के मिर्जापुर यमुना नदी में मिले हैं। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 23 पहुंच गया है।
17 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इनमें फुलेत गांव में सहारनपुर के छह मजदूर भी शामिल हैं। फुलेत समेत कई अन्य गांवों में एसडीआरएफ बुधवार सुबह से सर्च ऑपरेशन चला रही है। गुरुवार को भी बारिश का क्रम जारी रहने के साथ राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा।
राजधानी और आसपास के इलाकों में सोमवार रात हुई भारी बारिश से सभी नदी-नाले उफान पर थे। बांदल, सौंग, तमसा (टोंस) और आसन नदी में आए जल सैलाब ने चारों ओर तबाही मचाई। टोंस नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 15 मजदूर भी बहे थे। इनमें से आठ लोगों के शव सहसपुर क्षेत्र में आसन नदी से बरामद हुए थे जबकि दो को बचा लिया गया था। इसमें से पांच अब भी लापता हैं।
देहरादून से बहकर गए दो लोगों के शव यमुना नदी से मिर्जापुर (सहारनपुर) में बरामद हुए हैं। इनकी अभी पहचान नहीं हो सकी है। इसके साथ ही दो शव सौंग नदी में बहकर आए जिन्हें रायपुर क्षेत्र से बरामद किया गया है। मालदेवता क्षेत्र के प्रभावित गांवों में हेलिकॉप्टर के माध्यम से राशन पहुंचाया गया। मालदेवता क्षेत्र में बही सड़क की मरम्मत का काम भी शुरू हो गया।
मालदेवता क्षेत्र के किसनपुरी बांडावाली में नदी का रुख मोड़ कर अनधिकृत तरीके से बडा रिजॉर्ट बनाने वाले मालिक के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यहां पर करीब 150 मीटर सड़क मार्ग पूरी तरह से वासआउट हुआ है। जिससे यहां पर 06 करोड़ से अधिक की सरकारी सपंत्ति का नुकसान हुआ है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने निरीक्षण के दौरान सख्त रूख इखतियार करते हुए नदी किनारे अनधिकृत एप्रोच और रिजॉर्ट निर्माण की उच्च स्तरी जांच की संस्तुति कर दी है।
जिलाधिकारी ने लोनिवि को नदी को चौनलाइज करते हुए शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए है। मालदेवता केशरवाला में वॉसआउट मोटर मार्ग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वायरक्रेट लगाकर शीघ्र रास्ता चालू करने और नदी को चौनलाइज करते हुए सड़क के वॉसआउट पोर्सन ठीक करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने देहरादून मसूरी मोटर मार्ग पर कोठालगेट के समीप क्षतिग्रस्त पुल एवं यहां पर वैली ब्रिज निर्माण कार्याे का स्थलीय निरीक्षण भी किया। कोठालगेट के समीप मोटर पुल क्षतिग्रस्त होने से मसूरी क्षेत्र का संपर्क कट गया था। वैली ब्रिज से फिलहाल हल्के वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications