भाजपा के पूर्व विधायक का दुष्कर्म के बढ़ते मामलों को लेकर विवादित बयान, जानिए क्या कहा,कौन हैं हरभजन सिंह चीमा
Harbhajan Singh Cheema दुष्कर्म के बढ़ते मामलों को लेकर काशीपुर के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने चिंता व्यक्त करते हुए एक विवादित बयान दिया है।
कहा कि इस तरह की घटनाओं के प्रति कहीं न कहीं महिलायें भी जिम्मेदार हैं जो कि उनके द्वारा अपनाई जा रही पश्चिमी सभ्यता की पोषक है।

भाजपा के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि हमारे देश की संस्कृति एवं सभ्यता के अनुरूप ही महिलाओं को अपने अंग वस्त्र धारण करने चाहिए। उन्होंने महिलाओं एवं छात्राओं के प्रति पुरुषों की बढ़ रही घृणित सोच को भारतीय संस्कृति के विपरीत बताया। पूर्व विधायक चीमा ने जिम्मेदार अभिभावकों से भी अपेक्षा की है कि वह अपने परिवार की महिलाओं एवं बालिकाओं को भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही वस्त्र धारण करने को प्रेरित करें।
चीमा ने सभी विद्यालयों के प्रबन्धकों से भी अपील की है कि वह छात्राओं की पोषाक में भारतीय संस्कृति के अनुरूप परिवर्तन लायें। समाज के सभी वर्गों को इस दिशा में आगे आकर परिवर्तन लाने का प्रयास करना चाहिए जिससे इस घृणित कृत्य में कमी लाई जा सके।
उत्तराखंड की काशीपुर विधानसभा सीट पर उत्तराखंड बनने के बाद चार बार चुनाव हुए। लगातार चार बार भाजपा के हरभजन सिंह चीमा विधायक रहे। 20 सालों तक हरभजन सिंह इस सीट पर अजेय बने रहे। हरभजन सिंह चीमा अकाली दल के नेता रहे हैं और उत्तराखंंड में अकाली दल का चेहरा भी रहे हैं और गठबंधन के तहत वह पहले चुनाव में अकाली दल के कोटे से ही बीजेपी में आए थे।
इसके बाद वह बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतते रहे और भाजपाई हो गए। इस बार के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजनीति से संन्यास लिया और अपने बेटे त्रिलोक सिंह चीमा को मैदान में उतारा और वे चुनाव जीत गए। अब हरभजन सिंह चीमा के बेटे त्रिलोक सिंह चीमा काशीपुर से विधायक है।












Click it and Unblock the Notifications