पहलगाम में आंतकी हमले को लेकर कांग्रेस विधायक ने किया मोदी सरकार का समर्थन, जानिए क्या कहा
उत्तराखंड में कांग्रेस के विधायक ही कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी करते हुए नजर आ रहे हैं। अब पहलगाम के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक के बयान से पार्टी एक बार फिर मुश्किल में पड़ गई है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी पहलगाम आतंकवादी हमले के प्रकरण में मोदी सरकार के समर्थन में खड़े नजर आए। जिसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद भारत ने कई कठोर कदम उठाए हैं। जिस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में राजनीति भी शुरू हो गई है। इसको लेकर कांग्रेस के नेता खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर मोदी सरकार का समर्थन किया है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए साफ कहा है कि वो मोदी सरकार के साथ है,मोदी हम सब के प्रधानमंत्री है। वीडियो में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोगों को तय करना होगा कि आप हिंदुस्तान के साथ हैं या नहीं,या तो आप इस पार हैं या आप उस पार हैं। उन्होंने कहा कि मोदी हमारे भी प्रधानमंत्री हैं,जो फैसला लेंगे हमें मंजूर होगा। विधायक सुमित हृदयेश के बयान की सोशल मीडिया में जमकर तारीफ हो रही है। जिस पर प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं।
एक तरफ कांग्रेस विधायक मोदी सरकार की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कांग्रेसी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बयान से कांग्रेस असहज महसूस कर रही है। जिसको लेकर भाजपा हमलावर है। सिद्धारमैया के बयान की भाजपा ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और स्वाभिमान से जुड़े इस विषय उनका दोहरा रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अफसोस व्यक्त करते हुए कहा कि इस पर पाक की प्रतिक्रिया से लगता है, कांग्रेस नेता उनके पक्ष मे वातावरण बना रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि, लगता है पहलगाम की दुखद घटना के बाद जागा कांग्रेस का देशप्रेम अब समाप्त हो रहा है।
राष्ट्र की सुरक्षा और स्वाभिमान से जुड़े इस विषय पर भी कांग्रेस का दोहरा रवैया अब भी जारी है। क्योंकि दिल्ली में हुई सर्वदलीय बैठक में भारत सरकार का साथ देने वाले बयान राहुल गांधी के कश्मीर पहुंचते पहुंचते सुरक्षा बलों की खामियों में बदल गए । इसी तरह एक मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पाक पर हमले की बात करते हैं और दूसरी तरफ दूसरे सीएम सिद्धारमैया लड़ाई को समाधान नहीं बताते हुए कायरता की बात करते हैं। इनके एक वरिष्ठ सांसद नेता शशि थरूर खुफिया एजेंसियों का समर्थन करते हैं वहीं दूसरे नेता उदित राज विरोध करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ पहलगाम आतंकी हमले की पूरी दुनिया निंदा कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेता आदत से मजबूर हैं और वास्तविकता को जाने बिना राजनैतिक बयानबाजी में जुटे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पूरी दुनिया भारत के प्रति संवेदना व्यक्त कर रही है और आतंकियों पर कार्यवाही में साथ देने की बात कर रही है, वहीं कांग्रेस सीएम, हमें दोषियों को दंडित नहीं करने के बजाय अपनी सुरक्षा को मजबूत करने का सुझाव दे रहे हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, पहलगाम में निर्दोष भारतीयों की हत्या का अपराध अक्षम्य है, जिस पर उचित समय पर कठोरतम कार्रवाई के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। लेकिन जिम्मेदार विपक्ष के नाते राहुल गांधी एवं अन्य नेताओं को भी ऐसे बयानों पर स्पष्ट करना चाहिए कि वह किसके पक्ष में हैं। बेहतर है कि उन्हें तत्काल अपने मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं पर कार्रवाई करते हुए उनसे सार्वजनिक माफी मंगवानी चाहिए। अन्यथा देश की जनता उन्हें ऐसे कृत्यों के लिए कभी माफ नहीं करने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications