CM धामी के दिल्ली से लौटते ही प्रदेश में मंत्रिमंडल को लेकर चल रही कयासबाजी पर लगा विराम, ये है वजह
सीएम पुष्कर सिंह धामी के देहरादून लौटते ही कयासबाजी पर ब्रेक
देहरादून, 30 सितंबर। लंबे समय से उत्तराखंड में मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल को लेकर चल रही कयासबाजी गुरूवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी के देहरादून लौटते ही थम गया। भाजपा में कई दिनों से गरमाई सियासत पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। माना जा रहा है फिलहाल हाईकमान ने मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर हरी झंडी नहीं दी है। इसके पीछे की वजह अंकिता हत्याकांड से बदला प्रदेश का माहौल माना जा रहा है। हालांकि ये कब तक मामला थमेगा ये कहना अभी जल्दबाजी होगा। उधर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। माना जा रहा कि बीएल संतोष भी सरकार और संगठन के कामकाज की रिपोर्ट हाईकमान को सौंप सकते हैं। इस बीच वे पार्टी के कार्यकर्ताओं और सीनियर नेताओं से मिलकर प्रदेश के सियासी घटनाक्रम को लेकर मंथन कर सकते हैं।

फेरबदल की खबरें, सीएम धामी के दिल्ली से लौटते ही थम गई
उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड से बदले सियासी माहौल को देखते हुए हाईकमान अभी प्रदेश की सियासत में किसी तरह के बदलाव कर विपक्ष को मौका नहीं देना चाहेगा। जिस तरह से कई दिनों से मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की खबरें मीडिया में चल रही थी। वो सीएम धामी के दिल्ली से लौटते ही थम गई। पार्टी सूत्रों का दावा है कि फिलहाल पार्टी वेट एंड वॉच की स्थिति में है। पार्टी की पहली प्राथमिकता अंकिता केस को निर्णय तक पहुंचाने की रहेगी। इसी का नतीजा है कि सीएम धामी ने दिल्ली से लौटने के बाद स्वास्थ मंत्री धन सिंह रावत के साथ अंकिता के परिजनों से गांव पहुंचकर मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिलाया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को भी सीएम ने पीड़ित परिवार से मिलने भेजा था। बता दें कि पूर्व सीएम हरीश रावत के अलावा कांग्रेस से प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य समेत कई विधायक और पूर्व विधायक अंकित के परिजनों से मिलकर सांत्वना दे चुके हैं। जिससे सियासत गरमाई हुई है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, अंकिता भंडारी के लिए श्रद्धांजलि में कार्यक्रम शामिल हुए
उधर प्रदेशभर में भाजपा ने अंकिता भंडारी के लिए श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष भी शामिल हुए। संतोष ने उत्तराखण्ड की दिवंगत बेटी अंकिता को भाववीनी श्रद्धांजलि देते हुए आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की बेटी के हत्यारों को किसी भी कीमत पर नही बख्शा जाएगा । उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर शासन प्रशासन द्वारा की गयी कार्यवाही को संतोषजनक बताते हुए इस पूरी घटना को बेहद दुखदायी बताया। बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित श्रद्धाजंलि सभा में बी एल संतोष ने दिवंगत अंकिता की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए । इस अवसर पर उन्होंने कहा अमूमन देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह के जघन्य अपराध नही घटते हैं, लेकिन हमारी सरकार सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को कठोरतम सजा मिले ताकि भविष्य के लिए आपराधिक मानसिकता वाले लोगों में भय व्याप्त हो । शोक सभा में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि समूचे सूबे के साथ साथ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस दुर्दान्त घटना से दुखी है। इस घटना से हमें सबक लेते हुए मातृ शक्ति के प्रति अधिक संवेदनशील और सजग रहना होगा । उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कभी भी ऐसी घटनाओं को प्रश्रय नहीं देती है और अब हमारा प्रयास है, आरोपियों को ऐसी सजा दिलाना ताकि आने वाले दिनों में कोई इस तरह की घटना के बारे में सोच भी न सके। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार ने कहा कि देवभूमि में ऐसी घटनाओं का होना अपने आप में बेहद दुखद है । उन्होंने कहा कि हम इस बेटी की आत्मा की शांति की कामना करते है, वहीं शासन प्रशासन से भी आग्रह करते हैं कि दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिया जाए। श्रद्धांजलि सभा में लोकसभा सांसद व पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा,राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी समेत कई नेता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications