विकास कार्यों से लेकर खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तक की प्लानिंग, बागेश्वर में सीएम धामी ने जीत लिया लोगों का दिल
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों बागेश्वर के दो दिवसीय दौरे पर हैं और इस दौरान उनका अंदाज पूरी तरह जनता से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। रविवार (07 दिसंबर) सुबह सीएम धामी का दिन मॉर्निंग वॉक से शुरू हुआ, जहां उन्होंने आम लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और सीधे संवाद के जरिए सरकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। बागेश्वर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी का यह जनसरोकार वाला अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
सरयू नदी तट पर विकास कार्यों का निरीक्षण
मॉर्निंग वॉक के बाद सीएम धामी सरयू नदी के तट पर पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाएं तय समयसीमा में और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरी हों।

स्थानीय नागरिकों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी जाना कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं। लोगों ने भी खुलकर अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।
इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों संग खेला बैडमिंटन
इसके बाद मुख्यमंत्री धामी इंडोर स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने नवोदित खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेला। उनका यह अंदाज खिलाड़ियों के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं था। मुख्यमंत्री ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उनसे संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें खेल सुविधाओं में किसी तरह की दिक्कत तो नहीं हो रही। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और राज्य का नाम रोशन कर सकें।
बागनाथ मंदिर में पूजा और पर्यटन को लेकर बड़ा विजन
सीएम धामी ने बागेश्वर के प्रसिद्ध बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्राचीन काल से धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहा है। सरयू नदी, पिंडारी ग्लेशियर और आसपास के धार्मिक स्थलों में आध्यात्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि बागेश्वर को लेकर एक ठोस मास्टर प्लान बनाया जाएगा, जिससे पर्यटन, कीवी उत्पादन, मत्स्य पालन और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी नई पहचान मिलेगी।
पहले दिन संवाद कार्यक्रम में भी दिखा सक्रिय नेतृत्व
मुख्यमंत्री धामी ने पहले दिन गरुड़-बैजनाथ में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से खुलकर बातचीत की। उन्होंने सभी के सुझावों को राज्य के विकास के लिए बेहद अहम बताया और भरोसा दिलाया कि इन सुझावों को आने वाली नीतियों में शामिल किया जाएगा। साथ ही एप्पल मिशन, कीवी मिशन, होमस्टे योजना और हेली सेवा को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक संकेत दिए।
कुल मिलाकर बागेश्वर दौरे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह सक्रिय, संवेदनशील और विकासोन्मुखी अंदाज यह साफ दिखाता है कि वह सिर्फ योजनाएं नहीं बना रहे, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने के लिए खुद हालात का जायजा भी ले रहे हैं। यही वजह है कि बागेश्वर में उनका यह दौरा अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications