होली के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी पश्चिम बंगाल रवाना, विधानसभा चुनाव को देखते हुए जानिए क्यों है खास दौरा
CM Pushkar Singh Dhami होली पर देहरादून में रंग खेलने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गए हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल में विधानसभा के मद्देनजर परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। इसी यात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुए।
भाजपा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा का आयोजन कर रही है। जो कि 1 मार्च 2026 से 15 मार्च को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी की रैली के साथ समाप्त होगी। सीएम धामी 5 मार्च को पश्चिम बंगाल में चल रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे।

सीएम धामी बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले में आयोजित होने वाली एक महत्वपूर्ण जनसभा में भाग लेंगे। पिछले कुछ वर्षों में मुख्यमंत्री धामी ने जिस प्रकार उत्तराखंड में विकास, सुशासन और निर्णायक नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया है, साथ ही बड़े निर्णय लिए हैं, उसने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में भी एक प्रभावशाली चेहरा बना दिया है। यूसीसी से लेकर नकल विरोधी कानून समेत कई ऐसे निर्णय धामी ने लिए हैं, जिनसे उनकी छवि धाकड़ धामी की हो गई है। अब धामी की चुनावी राज्यों में डिमांड बढ़ी है। इसी में मिशन बंगाल को भी जोड़ा जा रहा है।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा है कि पश्चिम बंगाल की जनता लंबे समय से भय, भ्रष्टाचार और बदहाली से जूझ रही है परंतु अब बदलाव की स्पष्ट इच्छा दिखाई दे रही है। इसी उद्देश्य से पश्चिम बंगाल में विभिन्न स्थानों पर परिवर्तन यात्रा शुरू हुई है और भाजपा गांव-गांव तक पहुंचकर जनता से संवाद कर रही है। मुझे भी इस परिवर्तन यात्रा के माध्यम से भयमुक्त, अपराधमुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त पश्चिम बंगाल के निर्माण में सहभागी बनने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की परिवर्तन यात्रा चल रही है। ऐसे में पार्टी की ओर से जो कार्यक्रम तय किए गए हैं, उसी के तहत वो भी परिवर्तन यात्रा में शामिल होने पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। सीएम ने कहा देश के अंदर जहां भी चुनाव हो रहे हैं वहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बन रही है। लिहाजा इस विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनेगी। साथ ही वहा के कुशासन, अपराध और तुष्टिकरण से जनता की मुक्ति मिलेगी.












Click it and Unblock the Notifications