दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे सीएम धामी,जानिए क्या कहा
Delhi-Dehradun Expressway: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर जल्द ही गाड़ियां फर्राटा भरते हुए नजर आएंगी। जिसके बाद से दिल्ली से देहरादून जाने में महज ढाई से तीन घंटे में सफर तय होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डाट काली मंदिर देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उन्होंने एक्सप्रेस वे के निर्माण में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकों और पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का कार्य अन्तिम चरण में हैं।

उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस वे के पूर्ण होने पर देहरादून से दिल्ली का सफर मात्र दो से ढ़ाई घण्टे में पूर्ण हो जायेगा। इससे जहां लोगों का आवागमन सरल होगा। चारधाम यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को और सुगमता होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की आर्थिकी को बढ़ाने, पयर्टन और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी यह प्रोजेक्ट सहायक सिद्ध होगा।
इस प्रोजेक्ट में इकोलॉजी और इकोनॉमी का समन्वय करते हुए एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बनाया गया है, जो वन्यजीवों की सुरक्षा एवं उनकी आवाजाही को मुक्त और पूर्ण तरीके से सुरक्षित बनाएगा। वर्ष 2020 में केंद्र सरकार ने दिल्ली,यूपी और उत्तराखंड को जोड़ने वाले दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दी। जनवरी 2021 से इस पर काम शुरू हो गया। इस प्रोजेक्ट का सबसे अहम हिस्सा 12 किमी लंबा एलिवेटेड रोड है। जिसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
इस एलिवेटेड रोड पर शिवालिक के जंगलों और राजाजी नेशनल पार्क से होकर गुजर रहे एशिया के सबसे लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर पर लोग सफर का आनंद ले सकेंगे। वन्य जीवों को पास से देखने का भी मौका इस एक्सप्रेसवे से देखने को मिल सकता है। यही वजह है कि इसका सबको इंतजार है। इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से एक तरफ जहां समय की बचत होगी दूसरा सफर प्रकृति की खूबसूरती के साथ आनंद दायक होगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की खास बातें
- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को चार सेक्शन में बांटकर काम कराया जा रहा है।
- चौथा और आखिरी सेक्शन उत्तर प्रदेश के गणेशपुर से देहरादून के आशारोड़ी चेक पोस्ट तक है।
- इसकी कुल लंबाई 20 किलोमीटर है। इसका 16 किलोमीटर हिस्सा यूपी में है।
- इसमें 12 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर है। यह एलिवेटेड कॉरिडोर राजाजी नेशनल पार्क से भी लगता है।
- जंगली जानवरों की सुरक्षा को देखते हुए इस एलिवेटेड कॉरिडोर को बरसाती नदी के ऊपर बनाया गया है।
- देहरादून पहुंचने से वाहन चालकों को 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड भी मिलेगी।
- यह वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर घने जंगलों के ऊपर से गुजर रहा है। जिससे जंगली जानवर भी दिख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications