Uttarkashi Cloudburst:उत्तराखंड में प्रकृति का कहर, बादल फटने से मची तबाही, देखें तस्वीरों में कैद खौफनाक मंजर
Cloudburst in Uttarkashi: उत्तराखंड एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। गंगोत्री मार्ग पर स्थित धाराली गांव में मंगलवार को अचानक बादल फटने से पानी और मलबे का सैलाब बस्तियों में घुस आया। देखते ही देखते कई घर, होटल और होम स्टे बह गए।
चीख-पुकार और अफरातफरी के बीच लोगों ने जान बचाने के लिए ऊंचे स्थानों पर शरण ली। अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। सेना और बचाव दल मौके पर डटे हुए हैं और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

भारतीय सेना की सुर्या कमांड ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि "खीर गाड़ क्षेत्र के पास धाराली गांव में भूस्खलन के बाद मलबा और पानी तेजी से बस्ती में घुस गया। #IbexBrigade की टुकड़ी को तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए भेजा गया है।"


इस क्लोज अप वीडियो से समझें उत्तरकाशी में कितनी बड़ी तबाही हुई है और लोगों को वक्त तक नहीं मिला बचने का!#uttarkashicloudburst pic.twitter.com/qdTGhED63b
— Siddharth Purohit (@sidpvishnu) August 5, 2025
सेना के अनुसार, नुकसान का आंकलन जारी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


कई घर और होटल बह गए
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बादल फटने से खीर गंगा नदी के कैचमेंट क्षेत्र में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया और धाराली गांव में तबाही मचा दी। यहां 20 से 25 होटल और होम स्टे बह जाने की आशंका है। एक ग्रामीण राजेश पंवार ने बताया कि करीब 10 से 12 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।


सीएम धामी ने दिए कड़े निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा, "धाराली (उत्तरकाशी) में बादल फटने से हुए भारी नुकसान की खबर अत्यंत दुखद है। SDRF, NDRF और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मैं लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हूं और हालात की निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं।"


दहशत में लोग, चीख-पुकार मची
बादल फटने के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि कीचड़ और पानी का सैलाब तेज़ी से बस्तियों की ओर बढ़ रहा है। कई लोग चीखते हुए अपने परिजनों का हाल जानने के लिए फोन मिलाते सुने गए। एक व्यक्ति वीडियो में कहता है, "सब खत्म हो गया।"



उत्तरकाशी बादल फटने से जुड़ी अन्य खबरें-












Click it and Unblock the Notifications