Christmas and New Year celebrations: खाने पीने की चीजों पर भी सरकार का फोकस, होगी सख्ती, जानिए क्या उठाए कदम
Christmas and New Year celebrations क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्यटक इस दौरान मसूरी, देहरादून समेत पर्यटक स्थलों पर सबसे ज्यादा पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर भी सरकार अलर्ट हो गई है। खाने पीने की चीजों को लेकर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान चला रहा है।
त्योहारी मौसम में खाद्य पदार्थों की खपत में वृद्धि को देखते हुए विभाग ने मिलावटखोरी, घटिया गुणवत्ता और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण एवं विक्रय पर कड़ी निगरानी रखने का निर्णय लिया है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा।

होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, कैफे, बेकरी, डेयरी, मिष्ठान भंडार, फूड कोर्ट, स्ट्रीट फूड जोन एवं तैयार खाद्य पदार्थों की निर्माण इकाइयों में नियमित और औचक निरीक्षण किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि खाद्य कारोबार से जुड़े सभी हितधारकों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया गया है। इसमें मिठाइयाँ, नमकीन, बेकरी उत्पाद, कन्फेक्शनरी, डेयरी उत्पाद, साइड डिशेज, डेजर्ट्स और तैयार भोजन को विशेष निगरानी में रखा गया है। गुलाब जामुन, जलेबी, खीर, समोसा, बिरयानी, रोस्ट चिकन, पिज्जा, केक, पेस्ट्री, प्लम केक, कुकीज, चॉकलेट, क्रिसमस पुडिंग जैसे लोकप्रिय खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि जनपद स्तर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो निर्माण इकाइयों से लेकर थोक व खुदरा विक्रेताओं तक की श्रृंखला की जांच करेंगी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम-2011 तथा संबंधित विनियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग का सहयोग भी लिया जाएगा। आम नागरिकों की भागीदारी को भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। विभागीय पोर्टल और टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारी मौसम में खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि अपमिश्रण और घटिया खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए केवल बिक्री स्थलों ही नहीं, बल्कि निर्माण इकाइयों को भी चिन्हित कर स्रोत पर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications