Char dham yatra 2025: पंजीकरण जारी, 10 दिन में 10 लाख का आंकड़ा पार, जानिए कैसी चल रही तैयारियां
Char dham yatra 2025: 30 अप्रैल से शुरू होने वाली चार धाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। बीते 10 दिन में 10 लाख का आंकड़ा पार हो चुका है। केदारनाथ धाम जाने के लिए सबसे अधिक 3.29 लाख श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके है। इस बार चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद 40 प्रतिशत पंजीकरण ऑफलाइन किए जाएंगे।
पर्यटन विभाग ने चारधाम यात्रा के लिए 20 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया था। यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही है। जिसमें गंगोत्री व यमुनोत्री के 30 अप्रैल को कपाट खुलते ही यात्रा शुरू होगी। बाबा केदार के कपाट दो मई को खुल रहे हैं। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट चार मई को खुलेंगे।

पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार केदारनाथ धाम के लिए 3.29 लाख, बदरीनाथ धाम के लिए 3.02 लाख, गंगोत्री के लिए 1.85 लाख व यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए 1.79 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। आफलाइन पंजीकरण हरिद्वार, ऋषिकेश के साथ यात्रा मार्गों पर पंजीकरण केंद्र खोले जाएंगे। श्रद्धालु उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
चैत्र माह प्रतिपदा और हिन्दू नववर्ष के अवसर पर गंगोत्री धाम मंदिर समिति की ओर से गंगोत्री धाम के कपाटोद्धाटन की तिथि और समय निश्चित कर लिया गया है। आगामी 30 अप्रैल को गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर शुक्ल पक्ष में सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर विधिविधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
यात्रा को लेकर हर स्तर से तैयारियां तेज हो गई हैं। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने देश-विदेश की आठ भाषाओं में यात्रा ब्रॉशर व कैलेंडर का प्रकाशन किया है। हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती, बंगाली, मराठी, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम आदि भाषाओं में ब्रॉशर का प्रकाशन किया गया है। ब्रॉशर से तीर्थयात्रियों को उत्तराखंड चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री सहित पंच बदरी, पंच केदार और बदरीनाथ धाम के अधीनस्थ मंदिरों की जानकारी मिलेगी। साथ ही शीतकालीन यात्रा स्थलों की भी जानकारी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications