चारधाम यात्रा 2024 को लेकर धामी सरकार की तैयारियां तेज, यहां सीसीटीवी से होगी निगरानी, उठाए जाएंगे ये कदम
उत्तराखंड की धामी सरकार चारधाम यात्रा 2024 की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए सीएम धामी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। सीएम धामी ने इस बार पैदल मार्गो और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा मई से इस बार शुरू होगी। केदारनाथ व यमुनोत्री की पैदल यात्रा होती है। जबकि गंगोत्री व बद्रीनाथ तक सीधे गाड़ियों से सफर किया जा सकता है। सरकार धामों की संवदेनशीलता और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में यात्रा कराने की तैयारी में है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा 2024 की तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित बैठक में प्रतिभाग करते हुए आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों एवं मॉनिटरिंग हेतु कमिटी गठित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने चारों धामों में यातायात प्रबंधन के सुगम संचालन के लिए एसपी/ एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी को नियुक्त किए जाने, सभी अधिकारी एवं विभागों में आपसी समन्वय से कार्य किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा बीते सालों की यात्रा में जो कमी एवं समस्याएं सामने आई हैं, उनके अनुभवों से, प्लानिंग से काम कर उन समस्याओं को इस वर्ष दूर किया जाए। संपूर्ण पैदल मार्गो एवं संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी लगाए जाए।
उन्होंने कहा यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए। कहा शासन स्तर से चारों धामों की लाइव मॉनिटरिंग की जाए साथ ही आपदा कंट्रोल रूम का सुचारू संचालन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब मौसम पूर्वानुमान की सूचना यात्रियों तक समय से पहुंचे। जिसके लिए यात्रियों के मोबाईल पर अलर्ट मैसेज की व्यवस्था की जाए। पैदल मार्गो की नियमित सफ़ाई हो। यात्रा मार्ग पर बने शौचालयों में विशेष तौर पर साफ सफाई रखी जाए। यात्रा मार्गो पर शौचालय की संख्या भी बढ़ाई जाए।
उन्होंने मिशन मोड पर प्लास्टिक फ्री चार धाम पर काम करने के निर्देश दिए। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व ही चारों धामों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। पैदल मार्गो में स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर सुचारू पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जाए।












Click it and Unblock the Notifications