Char dham yatra 2023: रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 25 लाख पार, अब तक 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड की चार धाम यात्रा में अब तक 25 लाख श्रद्धालुओं ने चार धाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें केदारनाथ धाम के लिए सबसे अधिक 8.65 लाख यात्रियों ने पंजीकरण कराया है।

उत्तराखंड की चार धाम यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। अब तक 25 लाख श्रद्धालुओं ने चार धाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें केदारनाथ धाम के लिए सबसे अधिक 8.65 लाख यात्रियों ने पंजीकरण कराया है। हालांकि मौसम खराब होने के चलते 8 मई तक केदारनाथ के लिए पंजीकरण पर रोक लगाई गई है। 22 अप्रैल से 5 मई तक चार लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
यात्रियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य
चारों धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री की यात्रा का संचालन हो रहा है। जिसमें यात्रियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इस बीच कई दिनों से मौसम के बदलने से धामों में बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। बावजूद इसके श्रद्धालुओं का उत्साह कम होता नजर नहीं आ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानियां केदारनाथ पैदल मार्ग पर हो रही हैं।
पुलिस जवानों द्वारा यात्रियों को रास्ता पार कराया जा रहा
शुक्रवार को 18223 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरव गदेरा व कुबेर गदेरा हिमखंड जोन में एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस जवानों द्वारा यात्रियों को रस्सी के सहारे रास्ता पार कराया जा रहा है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरव गदेरा व कुबेर गदेरा हिमखंड जोन पर बर्फ को साफ कर सुरक्षित आवाजाही कराई जा रही है। साथ ही यात्री बर्फ में न फिसलें, इसके लिए यहां रस्सी भी लगाई गई।
नौ मई तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
प्रभावित क्षेत्र में एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, यात्रा मैनेजमेंट फोर्स और पुलिस के जवान बच्चों, बुजुर्ग और महिलाओं को हाथ पकड़ कर रास्ता पार करा रहे हैं। मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने नौ मई तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले में चारों धाम स्थित हैं। मैदानी इलाकों में सात मई को बारिश हो सकती है।
- धाम: पंजीकरण की संख्या
- केदारनाथ : 864597
- बदरीनाथ: 725370
- गंगोत्री : 442372
- यमुनोत्री: 394896
- हेमकुंड साहिब: 25674












Click it and Unblock the Notifications