Chamoli Cloudburst: थराली में आई आपदा का तीसरा दिन, रेस्क्यू जारी, एसडीएम भी हुए प्रभावित, जानिए क्या बताया
Chamoli Cloudburst: उत्तराखंड के चमोली के थराली में आई आपदा को तीन दिन हो गए हैं। रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। अब तक एक युवती का शव बरामद हुआ है,जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। थराली में आई आपदा ने कई लोगों को बेघर और बहुत नुकसान किया है।
चमोली पुलिस ने जानकारी दी है कि थराली क्षेत्र में आपदा प्रभावित स्थानों पर पुलिस, प्रशासन व आपदा प्रबंधन टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। गुमशुदा व्यक्ति की तलाश हेतु आर्मी डॉग स्क्वायड द्वारा चिन्हित स्थान पर जेसीबी से खोदाई की जा रही है।

थराली में आई बाढ़ से एसडीएम आवास को भी नुकसान हुआ है। जिसमें एसडीएम थराली पंकज भट्ट भी शामिल हैं। एसडीएम ने बताया कि थराली में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित होने वाले पहले कुछ लोगों में से मैं भी एक था।बताया कि मेरे घर में लगभग पांच फीट ऊंचा मलबा घुस आया था। हम पूरी रात बाहर ही रहे थे। बाज़ार क्षेत्र में भी भारी नुकसान की रात भर हम जानकारी लेते रहे।
एसडीएम पंकज भट्ट ने बताया कि चेपडों गांव में रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। यह गांव आपदा से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है। उप जिलाधिकारी भट्ट ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ स्थानीय अधिकारियों के सभी विभाग राहत, बचाव और खोज कार्यों के लिए यहां मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि 11 लोगों को अब तक रेस्क्यू किया जा चुका है।
थराली के आपदा पीड़ितों के लिए राहत शिविर लगाए गए हैं। यहां उनके रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है। डीएम चमोली संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने आपदा राहत शिविर में तैयार किये गए भोजन को चखा और भोजन से संतुष्ट नजर आए।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी आज आपदा प्रभावित क्षेत्र थराली पहुंचे। इस दौरान थराली विधायक भोपाल नाम टम्टा और प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत मौजूद रहे। उन्होंने थराली में आपदा प्रभावितों से मुलाक़ात करते हुए उन्हें बताया कि सरकार इस आपदा की घड़ी में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और केंद्र और राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि आपदा की इस घड़ी में आपदा प्रभावितों से भावनात्मक तरीक़े से जुड़ाव रखा जाए और कहीं पे भी किसी आपदा प्रभावितों प्रशासन के व्यवहार से किसी तरह की कोई शिकायत नहीं होनी चाहिए।
बीते 22 अगस्त की रात चमोली जिले के थराली तहसील इलाके में भारी आपदा आई थी। भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से इलाके में भारी नुकसान हुआ। थराली के कोटड़ीप, राड़ीबगड़, अपर बजार, कुलसारी, चेपडो, सगवाड़ा समेत अन्य हिस्सों में अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। आपदा में सगवाड़ा गांव में युवती की मलबे में दबने से मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति आपदा में लापता है।












Click it and Unblock the Notifications