By election: मंगलौर व बदरीनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में गिरा मतदान, जानिए क्या कहते हैं आंकड़े, कौन किस पर भारी
उत्तराखंड की दो सीटों मंगलौर व बदरीनाथ सीट पर छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान सम्पन्न हो गया। दोनेां सीटों पर मतदान कम होने से सियासी दलों की धड़कनें बढ़ गई हैं।
बद्रीनाथ विधानसभा में मत प्रतिशत 51.43% रहा जबकि मंगलौर विधानसभा में मतदान 68.25% रहा। इस तरह बदरीनाथ में काफी कम वोट पड़े। 2022 के विधानसभा चुनाव में मंगलौर में 75.95 जबकि बदरीनाथ में 65. 65 मतदान हुआ था।

बदरीनाथ सीट से कांग्रेस विधायक रहे राजेंद्र भंडारी ने लोकसभा चुनावों में इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा और अब भाजपा ने राजेंद्र भंडारी को फिर से मैदान में उतार दिया। लेकिन इस बीच कांग्रेस ने लखपत बुटोला को उतारकर भाजपा के लिए चुनौती बढ़ा दी है। लखपत बुटोला की छवि और लोगों में लोकप्रियता के चलते भाजपा के लिए ये चुनाव आसान नजर नहीं आ रहा है।
बदरीनाथ सीट पर भाजपा से पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी और कांग्रेस से लखपत बुटोला में सीधा मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि कांग्रेस ने इस चुनाव में राजेंद्र भंडारी को दलबदलू कहते हुए जनता से उन्हें सबक सिखाने की बात की है। साथ ही इस चुनाव में जीत का दावा किया है।
कम वोट पड़ने से दोनों दलों की चिंता भी बढ़ गई है। भाजपा, कांग्रेस दोनों ही कम वोट प्रतिशत को अपने अपने पक्ष में बता रहे हैं। लेकिन ये बात साफ है कि कम वोट प्रतिशत से चुनाव परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। मंगलोर सीट पर अब तक भाजपा ने जीत दर्ज नहीं की है। इस बार पार्टी ने भड़ाना को लाकर एक नई प्लानिंग की है। मतदान के दौरान भी मंगलौर में जमकर बवाल हुआ।
दिन भर कांग्रेस और भाजपा ने मंगलौर में हुई घटना को लेकर एक दूसरे पर आरोप लगाए। कांग्रेन ने इलेक्शन कमीशन का दरवाजा खटखटाया साथ ही पुलिस कार्यालय में धरना भी दिया। मंगलौर विधानसभा उपचुनाव के दौरान ग्राम लिब्बरहेड़ी गांव में बूथ संख्या 53/54 के बाहर दो पक्षों के बीच मतदान को लेकर तीखी बहस व मारपीट होने की बात सामने आई। कांग्रेस का आरोप है कि फायरिंग भी हुई।
लेकिन पुलिस ने इस बात का खंडन किया है। पुलिस का कहना है कि घटना को गलत तरीके से दुष्प्रचारित किया जा रहा है। विवाद में किसी प्रकार की गोली चलने की घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। इसके बाद भाजपा ने भी चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई।
मंगलौर में कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन के सामने भाजपा से करतार सिंह भड़ाना और बसपा से दिवंगत विधायक सरबत करीम अंसारी के बेटे उबेदुर्रहमान अंसारी से है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपनी अपनी जीत के दावे कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications