उत्तराखंड: फेरों से पहले प्रेमी के साथ फरार हुई राजस्थान से आई दुल्हन, दूल्हा करता रहा इंतजार
काशीपुर। राजस्थान के अजमेर जिले से शादी करने के लिए उत्तराखंड के काशीपुर पहुंची दुल्हन फेरों से पहले फरार हो गई। दुलहन के फरार होने की सूचना मिलते ही दोनों परिवार में हड़कंप मच गया। दुल्हन के पिता ने आईटीआई थाने पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
चढ़त की तैयारी कर रहे थे वर पक्ष के लोग
मामला उत्तराखंड के काशीपुर का है। यहां गढ़वाल के रहने वाले काशीपुर निवासी व्यक्ति एक बीमा कंपनी में कार्यरत हैं। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। दो बेटों व बेटी की शादी हो चुकी हैं। जबकि सबसे छोटे बेटे की शादी राजस्थान निवासी युवती के साथ दो फरवरी को तय हुई थी। शादी के लिए दुल्हन का परिवार काशीपुर आ गया और आईटीआई थाना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में रुका था। बताया जा रहा है कि एक फरवरी को रिंग सेरेमनी और महिला संगीत का भी कार्यक्रम था। अगले दिन शाम को बारात आनी थी। इसको लेकर वर पक्ष के लोग बारात चढ़त की तैयारी कर रहे थे।
बगीचे से हुई गायब
2 फरवरी की सुबह दुल्हन की मेहंदी की रस्म के बाद दिन में हल्दी की रस्म हुई। इसके बाद वधू ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ भोजन किया। शाम को बरात की पूरी तैयारियां हो चुकी थी। दुल्हन अपने चचेरे भाई बहनों के साथ विवाह के मंडप के पास बैठी थी। इसी बीच किसी का फोन आते ही वह झूला झूलने के बहाने बगीचे में गई और अचानक गायब हो गई। वधू पक्ष के लोगों ने उसे ढूंढा लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
प्रेमी के साथ हुई थी फरार
काफी तलाश के बाद भी दुल्हन का पता नहीं चला तो सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कई मेहमान शादी में शामिल होने रिसॉर्ट पहुंचे, लेकिन वह रिसॉर्ट की लाइटें बंद होने और जानकारी होने पर वापस लौट आये। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पता चला है कि युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। रहस्यमय ढंग से लापता होने से ऐन पहले वह रिसॉर्ट में ही झूला-झूल रही थी। वहीं, प्रेमी के साथ फरार होने की सच्चाई पता चलने पर दुल्हन का परिवार रात में ही वापस लौट गया।