Bageshwar by-election: भाजपा ने तीन नामों का पैनल किया तैयार, इन पर खेला जा सकता है दांव
भाजपा बागेश्वर उपचुनाव में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदनराम दास की पत्नी पर दांव लगा सकती है। हालांकि पैनल में स्वर्गीय चंदनराम दास की पत्नी के साथ ही बेटे का नाम भी है। इसके अलावा एक अन्य नाम भेजा गया है।
उत्तराखंड में बागेश्वर उपचुनाव को लेकर भाजपा ने दावेदारों का पैनल तैयार कर लिया है। अब तीन नामों को केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड को भेजा जाएगा। जल्द ही हाईकमान एक नाम पर मुहर लगाएगी। माना जा रहा है कि भाजपा बागेश्वर उपचुनाव में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदनराम दास की पत्नी पर दांव लगा सकती है। हालांकि पैनल में स्वर्गीय चंदनराम दास की पत्नी के साथ ही बेटे का नाम भी है। इसके अलावा एक अन्य नाम भेजा गया है।

उत्तराखंड में बागेश्वर उपचुनाव को लेकर भाजपा चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व महिला मोर्चा की आशा नौटियाल मौजूद थी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में संभावित पांच दावेदारों के नामों पर चर्चा की गई है। जिनमें से तीन का पैनल तैयार किया गया है। तीन नामों में से स्वर्गीय पूर्व विधायक चंदनराम दास की पत्नी पार्वती दास, बेटा गौरव दास का नाम शामिल है। उपचुनाव में पार्टी सहानुभूति का दांव ही खेलेगी। इसके लिए पूर्व दिवंगत विधायक की पत्नी को ही टिकट मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
बागेश्वर सीट पर पूर्व दिवंगत विधायक चंदन राम दास का ही दबदबा रहा है। उनके निधन के बाद अब परिवार को ही टिकट देने की मांग उठ रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बागेश्वर उपचुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए तीन नामों का पैनल प्रत्याशी चयन के लिए केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड को भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी चम्पावत उपचुनाव की तर्ज पर यहां भी पहले से अधिक रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी। साथ ही जनता,कांग्रेस की नकारत्मक राजनीति को नकारते हुए, अपने प्रिय नेता स्वर्गीय चंदन राम दास को श्रृद्धांजलि देगी। भट्ट ने कहा कि पार्टी इस उपचुनाव की दो महीने से तैयारी में जुटी है। वहां सांगठनिक दृष्टि से पहले ही शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकें, मुख्यमंत्री धामी के कार्यक्रम और प्रदेश पदाधिकारियों के प्रवास वहां संपन्न हो गई हैं।
प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के तहत विधानसभा चुनाव प्रबंधन टोली ने संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा कर प्रदेश पार्लियामेंट बोर्ड को सौंपा है। भट्ट ने कहा कि चम्पावत उपचुनाव की तर्ज पर ही हम बागेश्वर में पहले से अधिक रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतने जा रहे हैं। कांग्रेस के दमखम से चुनाव लडने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे हमेशा ही पूरी ताकत से चुनाव लड़ते आए हैं और पराजित भी होते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार भी जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए अपने लोकप्रिय पूर्व विधायक स्वर्गीय चंदन राम दास को श्रृद्धांजलि देगी।












Click it and Unblock the Notifications