Ankita Bhandari Case में वीआईपी विवाद के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Ankita Bhandari Case में वीआईपी को लेकर मचे बवाल के बीच सियासत गरमा गई है। इस बीच मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के खिलाफ अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज की गई है।
देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सहारनपुर निवासी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर और हरिद्वार के ज्वालापुर से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर नाम की महिला पहले भी झूठे आरोप लगाकर लोगों को फंसाती रही है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए बेबुनियाद और मानहानि के आरोप लगाए गए, जिससे शिकायतकर्ता की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है। आरोपियों पर IT (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(7), 351(2), 352 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर आकर एक खुलासा किया था। इस वीडियो में महिला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का जिक्र किया। उन्होंने वीडियो में पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ पर भी गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद आरती गौड़ ने भाजपा से भी इस्तीफा दे दिया है।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सोशल मीडिया कंटेंट की फॉरेंसिक जांच भी की जा सकती है। इस बीच हरिद्वार के बहादराबाद थाने में भी एक अलग शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और बयान फैलाए गए, जिससे सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और समुदाय विशेष की भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक धार्मिक पीठ को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और इसी रंजिश के चलते सोशल मीडिया के जरिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि यह सब सोची-समझी रणनीति के तहत किया गया, जिससे समाज में तनाव और वैमनस्य का माहौल बना।












Click it and Unblock the Notifications