अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियां हरिद्वार गंगा में विसर्जित, सनी और बॉबी देओल के साथ परिजनों ने दी अंतिम विदाई
dharmendra दिवंगत फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियां बुधवार सुबह हरिद्वार में गंगा में विधि-विधान के साथ विसर्जित कर दी गईं। इस दौरान उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल परिजनों के साथ मौजूद रहे। इस पूरे कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया।
अंतिम संस्कार के बाद अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल ने परिवारजनों के साथ परंपरागत पूजा-अर्चना कर गंगा में अस्थियां प्रवाहित कीं। अस्थि विसर्जन का पूरा कार्यक्रम पूरी गोपनीयता के साथ किया गया।

हिन्दी सिनेमा के दिग्गज कलाकार धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। अभिनेता धर्मेंद्र की मृत्यु के बाद बेटे सनी और बॉबी देओल लगातार पिता की अंतिम रस्मों में जुटे हुए हैं और हरिद्वार में बुधवार को संपन्न अस्थियां विसर्जित करने का कर्मकांड भी परिवार के लिए बेहद भावुक क्षण रहा।
परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और मौके पर मौजूद सीमित लोगों को भी किसी तरह की जानकारी साझा न करने के निर्देश दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित एक निजी होटल के पीछे घाट पर सुबह करीब सात बजे धार्मिक कर्मकांड पूरे किए गए।
पूजा सम्पन्न होने के बाद देओल परिवार बिना किसी औपचारिकता के शांतिपूर्वक हरिद्वार से जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया। घाट से होटल और फिर एयरपोर्ट तक की पूरी मूवमेंट भी सुरक्षा और गोपनीयता के बीच सम्पन्न की गई।
उत्तराखंड के हरिद्वार में धर्मेंद्र की अस्थियां हरिद्वार पहुंचने के बाद माहौल भावुक हो गया। अस्थि कलश पीलीभीत हाउस के घाट पर पहुंचाया गया, जैसे ही आसपास के लोगों को पता चला माहौल गमगीन हो गया। देओल परिवार ने इस पूरे कार्यक्रम को बेहद सादगी और निजी माहौल में संपन्न करने का फैसला लिया था। इसी कारण उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और सिर्फ परिवार के सदस्य ही पूरे अनुष्ठान में शामिल हुए।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट मोड पर कर दिया था। पीलीभीत हाउस के घाट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। घाट पर प्रवेश नियंत्रित रखा गया, और सिर्फ परिवार व कुछ चुनिंदा लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति मिली।












Click it and Unblock the Notifications