देहरादून में कहां पड़ी ईडी की रेड,जिला पंचायतों को प्रशासक बनाने के खिलाफ HC में सुनवाई,आज की 10 बड़ी खबरें
मंगलवार 17 दिसंबर की सुबह सुबह ईडी की टीम ने कांग्रेस नेता के ठिकानों पर रेड मारी। जिसके बाद दिनभर ये मुद्दा चर्चा का विषय बना रहा है। कांग्रेस ने इसको निकाय चुनाव से पहले कार्रवाई बताई है।
उधर जिला पंचायतों अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त करने के खिलाफ नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर मामले में आज सुनवाई हुई है। आज की 10 बड़ी खबरों पर एक नजर-

1- उत्तराखण्ड में आपदा प्रबन्धन को सृदृढ़ और रिस्पांस टाईम को कम करने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा ₹1480 करोड़ की विश्व बैंक सहायतित परियोजना उत्तराखण्ड डिजास्टर प्रीपेयर्डनेस एण्ड रेजीलियेंट प्रोजेक्ट (यू-प्रिपेयर) स्वीकृत की गई है।
2-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल में जौनपुर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास महोत्सव में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने द्वारगढ़ से हिंगोती भद्राज मंदिर तक 6 किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण, अगलाड़ थत्यूड़ मोटर मार्ग किमी 10 से ठक्कर कुदाऊं, खास कुदाऊं होते हुए स्वेल चक तक 4 किमी मोटर मार्ग निर्माण, गरखेत में स्थाई हेलीपैड निर्माण, जौनपुर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास महोत्सव को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा की।
3-शासन ने प्रदेश के जल और सीवर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। जल और सीवर के अवशेष देयकों के एकमुश्त भुगतान पर सम्पूर्ण सरचार्ज माफी की अवधि को अगले वर्ष 31 मार्च, 25 तक बढ़ा दिया गया है।
4-भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत प्रदेश भर में अभियान जारी है।नए साल में प्रदेश के 39 हजार नए मतदाताओं को "मतदान का अधिकार" मिलेगा।
5-देहरादून में कांग्रेस नेता राजीव जैन के घर में आयकर विभाग ने छापा मारा। मंगलवार सुबह चार बजे से राजीव जैन के घर पर आयकर की कार्रवाई शुरू हुई। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति को बरामद किया। हालांकि ईडी के साथ ही इनकम टैक्स की ज्वाइंट टीम के छापेमारी की भी मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई है।
6-भाजपा नेतृत्व ने निकाय आरक्षण पर सामने आ रही आपत्तियों को शहरी विकास विभाग में उठाने का सुझाव दिया है। वहीं स्पष्ट किया कि समस्याओं को उचित पार्टी फोरम से बाहर उठाने को अनुशासनहीनता मानकर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
7-जिला पंचायतों अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त करने के खिलाफ नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर मामले में आज सुनवाई करते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा की खंडपीठ ने राज्य सरकार से पूछा है कि जिला पंचायतों का चुनाव कराने का कार्यक्रम क्या है? उसे शपथ पत्र के माध्यम से 14 दिन के भीतर कोर्ट में पेश करें। अब पूरे मामले में अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी।
8-निकाय चुनाव को लेकर जारी हुई आरक्षण की अनंतिम सूची पर शहरी विकास निदेशालय को पहले दिन 53 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। सबसे ज्यादा 28 आपत्ति हरिद्वार के लंढौरा नगर पंचायत से प्राप्त हुई हैं।
9-शीतकाल यात्रा के दौरान दूसरे दिन आज शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती उत्तरकाशी पहुंचे। कल बुधवार को मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में यात्रा पहुंचेगी।
10-देहरादून के पटेलनगर में पुलिस ने एक हत्या के मामले को कुछ घंटों में खुलासा कर दिया है। एक महिला ने अपने देवर के साथ मिलकर अपनी पती की हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications