मंदिर के पास हो रही खुदाई में मिली लंबी-चौड़ी रहस्यमयी गुफा, अंदर दिखी सफेद शिवलिंग जैसी आकृति
पिथौरागढ़। देव भूमि उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक लंबी-चौड़ी रहस्यमयी गुफा मिली है। इस गुफा के भीतर शिवलिंग की आकृति का सफेद पत्थर, जलधारा समेत अनेक कलाकृतियां हैं। तो वहीं, इस गुफा को देखने के लिए दूरदराज से लोग पहुंच रहे हैं। साथ ही इस गुफा को देखकर हैरान भी हैं कि जमीन के अंदर ऐसी आकृतियां कहां से आई हैं। बता दें कि यह गुफा पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना विकासखंड के खनपर गांव में मिली है।

चट्टान काटने के दौरान मिली गुफा
कनालीछीना विकासखंड के खनपर गांव के पास स्थित गुफा वाली माता के नाम से प्रसिद्ध मंदिर हैं। यहां पर मंदिर के सौंदर्यीकरण, चौड़ीकरण और आंगन का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही धर्मशाला का भी निर्माण किया जा रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो दिन पहले यहां पर पोकलैंड मशीन से चट्टानों को काटा जा रहा था। तभी पोकलैंड ऑपरेटर नीरज को पहाड़ी के अंदर छोटी सी गुफा दिखाई दी।

गुफा के अंदर दिखी सफेद शिवलिंग जैसी आकृति
निर्माण कार्य में लगे लोग गुफा के अंदर गए तो वहां श्वेत शिवलिंग, उसके ऊपर से टपकती जलधारा, जलकुंड, शंख और पहाड़ी में बनी तमाम कलाकृतियां नजर आईं। गुफा देखने पहुंच रहे लोगों की भीड़ को देखते हुए वहां कार्य रोक दिए गए हैं। बता दें कि प्रवेश द्वार के पास गुफा की ऊंचाई लगभग चार फीट और अंदर सात फीट है। तो वहीं, गुफा को अंदर से देखने वाले लोग भी हैरानी में हैं। खनपर निवासी हरीश तिवारी ने कहा कि गुफा को पाताल भुवनेश्वर की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है। उन्होंने पुरातत्व विभाग से गुफा का सर्वेक्षण करने की मांग की है।

15 मीटर लंबी औ 10 मीटर चौड़ी है प्राकृतिक गुफा
वहीं, अल्मोडा पुरातत्वविद चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह गुफा 15 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी है। एक प्राकृतिक गुफा है। गुफा के भीतर जो भी आकृतियां इस तरह बनी होती हैं वह चूने की होती हैं। जिस स्थान पर यह गुफा है वह यातायात से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पर्यटन की दृष्टि से यह बेहद लाभकारी हो सकता है। शीघ्र ही गुफा का सर्वेक्षण किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications