कोटेदारों की मनमानी पर रोक लगाएगी योगी सरकार, लोगों को मिलेगी घटतौली से राहत, जानें क्या है योजना
उत्तर प्रदेश में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन लेने के दौरान की जाने वाली घटतौली पर रोक लगाने के लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। जल्द ही सरकार द्वारा कोटेदारों द्वारा की जा रही मनमानी पर लगाम लगाया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश के राशन कार्ड धारकों को राहत मिलेगी।
यूपी सरकार द्वारा प्रदेश की उचित दर की दुकानों पर उन्नत वेइंग मशीन और ई पास मशीन लगाई जाएंगी। कैबिनेट की बैठक में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर मशीन लगाई जाने को लेकर मंजूरी दे दी गई है। ऐसे में जल्द ही टेंडर जारी करते हुए मशीन लगाए जाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

प्रदेश की 79 हजार उचित दर की दुकानों पर मशीन लगाई जाएगी तथा इलेक्ट्रॉनिक कांटे को लिंक किया जाएगा। इसे लगाने और इसके संचालन के लिए सिस्टम इंटीग्रेटेड संस्थाओं के चयन के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। टेंडर जारी होने के बाद संस्थाओं द्वारा इन्हें ऑपरेट किया जाएगा।
यह भी बताया जा रहा है कि इन मशीनों में आइरिस स्कैनर और फिंगरप्रिंट स्कैनर भी जुड़ा रहेगा। जिससे ऊंची दर की दुकानों पर राशन देने के लिए पहुंचने वाले राशन कार्ड धारकों को अपना अंगूठा और आइरिस स्कैन करने के बाद उनके राशन कार्ड की यूनिट के हिसाब से राशन मिल जाएगा।
ऐसे में राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न का पूरा लाभ मिलेगा। तथा जो भी खाद्यान्न वितरित किया जाएगा उसकी जानकारी ऑनलाइन विभाग के वेबसाइट पर प्रदर्शित होगी। खाद्यान्न पाने वाले लाभार्थियों को पावती भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा राशन कार्ड धारक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी भेजा जाएगा।
यह भी बता दें कि सरकार द्वारा उचित दर की दुकानों पर लोगों की बेहतर सुविधाओं के लिए सरकार द्वारा लगातार प्लान किया जा रहा है। पिछले महीने ही सरकार द्वारा राशन की दुकानों पर आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा की भी शुरुआत की गई है।












Click it and Unblock the Notifications