UP में 6 नए एक्सप्रेस वे का खाका खींचने में जुटी योगी सरकार, जानिए क्या है पूरी प्लानिंग
लखनऊ, 18 अगस्त: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब यूपी में एक्सप्रेस वे का जाल बिछाने में जुट गई है। यूपी में योगी सरकार बनने के बाद पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे चालू हो चुके हैं जबकि तीसरा और देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण की प्रक्रिया में है। अधिकारियों की माने तो इन बड़े एक्सप्रेस वे के अलावा अब सरकार नए एक्सप्रेस वे का कॉन्सेप्ट लेकर आ रही है। हालांकि इसको लेकर एक दौर की बैठक हो चुकी है जिसमें इस कांसेप्ट पर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से मंथन किया गया। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस कांसेप्ट को मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा और उसके बाद ही इसपर अंतिम मुहर लगेगी।

UPEIDA की बैठक में 6 नए एक्सप्रेस वे पर हुआ मंथन
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) ने राज्य के प्रमुख धार्मिक शहरों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए छह नए एक्सप्रेसवे बनाने का प्रस्ताव दिया है। बैठक में UPEIDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी, अतिरिक्त मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) अरविंद कुमार उपस्थित थे। बैठक में 6 नए एक्सप्रेस वे के कान्सेप्ट को लेकर चर्चा की गई जिस पर जल्द ही अमल किए जाने की संभावना है।

योगी के निर्देश के बाद नए एक्सप्रेस वे का बन रहा खाका
दरअसल उद्योग विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि वाराणसी और हरिद्वार को गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने बुधवार को यूपीडा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य में एक्सप्रेसवे का नेटवर्क बिछाने के निर्देश के बाद इस तरह का प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने पहले ही निर्देशित किया है कि यूपी में एक्सप्रेस वे का पूरा जाल बिछाया जाएगा क्योंकि यूपी की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन पहुंचाने के लिए सड़कों की बेहतर नेटवर्किंग बहुत जरूरी है।

UPEIDA ने तैयार किया है 6 नए एक्सप्रेस वे का कॉन्सेप्ट
नंदी की माने तो UPEIDA द्वारा प्रस्तावित नए एक्सप्रेसवे में प्रयागराज-वाराणसी एक्सप्रेसवे, मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे, रामपुर-रुद्रपुर एक्सप्रेसवे (गंगा एक्सप्रेसवे, शाहजहांपुर, बरेली के माध्यम से उत्तराखंड सीमा), चित्रकूट-प्रयागराज एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक NH 27-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और विंध्य एक्सप्रेसवे (चित्रकूट एक्सप्रेसवे) शामिल हैं। मेरठ से प्रयागराज तक ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और दूसरे चरण में वाराणसी-हरिद्वार को एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा।

योगी सरकार में यूपी के मिल चुके हैं कई एक्सप्रेस वे
अगले चरण में बरेली और रामपुर को भी गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को प्रयागराज और मिर्जापुर जिलों से भी जोड़ा जाएगा। दरअसल विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का काम पूरा किया था। जिसका शुभारम्भ पीएम मोदी ने किया था। चुनाव बाद सरकार बनने के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस को जनता के लिए खोल दिया गया। इन दोनों एक्सप्रेस वे के शुरू होने के बाद जनता को इसका काफी लाभ भी मिल रहा है।

इस कांसेप्ट को सीएम के अप्रूवल का इंतजार
हालांकि अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने 6 नए एक्सप्रेस वे को लेकर केवल इतना ही बताया कि इस तरह के कांन्सेप्ट पर चर्चा की गई है। चर्चा के बाद कुछ बातें निकलकर आई हैं जिसपर अमल किया जाएगा और उसके बाद इसे फाइनल अप्रूवल के लिए सीएम के सामने रखा जाएगा। दरअसल यूपीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवनीश अवस्थी के प्रयासों की बदौलत योगी सरकार में यूपी को दो नए एक्सप्रेस वे मिल चुके हैं जबकि तीसरा एक्सप्रेस वे निर्माण की प्रक्रिया में है।












Click it and Unblock the Notifications