प्रयागराज में अतीक हत्याकांड के बाद बोले योगी आदित्यनाथ, कहा- 'जो जस करइ सो तस फल चाखा'
अतीक हत्याकांड के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस धरती को कुछ लोगों ने अत्याचार का शिकार बना दिया था। लेकिन, प्रकृति सबका हिसाब बराबर कर देती है।

माफिया अतीक अहमद की हत्या के बाद आज पहली बार प्रयागराज पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने तुलसीदास की चौपाई से अतीक के हत्याकांड को लेकर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने इस पावन धरती को अत्याचार का शिकार बना दिया था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामचरित मानस में संत तुलसीदास ने एक बात कही थी कि 'कर्म प्रधान विश्व रचि राखा जो जस करइ सो तस फल चाखा', ये पंक्तियां आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रयागराज में दुनिया अपनी आध्यात्मिकता के लिए आती है। जिस प्रयागराज में हजारो वर्षों से मानवता का मार्ग प्रशस्त किया हो। कुंभ हो या माघ मेला करोड़ों लोग गंगा में डुबकी लगाकर के अपने जीवन को धन्य करते हैं, जहां लोग अन्याय और अत्याचार से पीड़ित व्यक्ति प्रयागराज में न्याय की गुहार लेकर आता है। कुछ लोगों ने प्रयागराज की धरती को अत्याचार और पापाचार का शिकार बना दिया था।
योगी ने आगे कहा कि ये प्रकृति न किसी पर अत्याचार करती है और न किसी के अत्याचार को स्वीकार करती है। सबका हिसाब बराबर करके रख देती है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हमारे शहर सुरक्षित हो रहे हैं। आज के नौजवानों के हाथ में पिस्टल नहीं है क्योकि वे इसके दुष्प्रभावों को जानते हैं। उनके हाथ में टैबलेट है जो उनके टैलेंट को टेक्नोलॉजी से जोड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications