'छोटी काशी' में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले-विकास पसंद न करने वालों को महाकुंभ ने दिखाया आईना
Yogi Adityanath: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार(22 फरवरी) को जनपद लखीमपुर खीरी में 'छोटी काशी' के नाम से सुविख्यात पावन गोला गोकर्णनाथ स्थित शिव मंदिर कॉरिडोर की नींव रखी। उसके बाद सीएम योगी ने पब्लिक इंटर कॉलेज स्थित स्वर्गीय राजेंद्र गिरी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने यहां 1,622 करोड़ लागत की 373 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा विकास की यह परियोजनाएं लखीमपुर खीरी की जनता-जनार्दन के जीवन को सुगम बनाने के साथ ही पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार का नव सृजन भी करेंगी। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश का पोटेंशियल क्या है, इसकी क्षमता क्या है इसका आकलन करना हो तो महाकुंभ ही पर्याप्त है।

60 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई
सीएम योगी आदितत्यनाथ ने कहा आपने देखा होगा 13 जनवरी से 22 फरवरी के बीच अकेले प्रयागराज में मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती के त्रिवेणी में 60 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में आकर आस्था की डुबकी लगाई है। यह उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य को देश और दुनिया के सामने रखता है।
ये यूपी में ही संभव है
उन्होंने कहा कि क्या 60 करोड़ लोग एक निश्चित समयसीमा के अंदर किसी एक स्थल पर एकत्र हो पाएंगे? अन्यत्र यह संभव नहीं है, ये केवल प्रयागराज और उत्तर प्रदेश में हो सकता है। इस सामर्थ्य का लोहा पूरी दुनिया मान रही है।
पीएम के नेतृत्व में प्रयागराज में महाकुंभ भव्य और दिव्य
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रयागराज में महाकुंभ भव्य और दिव्य तरीके से आगे बढ़ रहा है। जिन लोगों को विकास अच्छा नहीं लगता वो लगातार नकारात्मक टिप्पणी करके बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन सनातन धर्म के अनुयायियों ने दिखा दिया है कि अनुकूल परिस्थितियां होगी तो अपनी विरासत को गौरव के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। प्रयागराज महाकुंभ ने एक उदाहरण बनकर देश और दुनिया को आईना दिखाने का भी कार्य किया है।
लखीमपुर खीरी का मतलब होता था विकास में बहुत पिछे
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुझे याद है जब देश आजाद हुआ था तो लखीमपुर खीरी का मतलब होता था विकास में बहुत पिछे। डबल इंजन की सरकार लखीमपुर खीरी के विकास को, यहां के स्पिरिचुअल टूरिज्म को, इको टूरिज्म को इतना बढ़ाएगी कि यहां पर रोजगार की कमी नहीं रहेगी। आज लखीमपुर में एयरपोर्ट बन रहा है। बाढ़ का स्थाई समाधान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ईको और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों को संजोया जा रहा है।
सारे परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध करवाएंगे
सीएम ने कहा गोला गोकर्णनाथ के इस पावन कॉरिडोर को बनाने के लिए यहां पर विस्थापित सारे परिवारों को हम लोग आवास की सुविधा भी उपलब्ध करवाएंगे। सौंदर्यीकरण के साथ-साथ लोगों के जीवन को सुगम बनाना भी हमारी सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा जिन लोगों की दुकानें गई है दुकानें बनाकर उन्हें आवंटित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications