YEIDA: यमुना एक्सप्रेस वे अथॉरिटी के आसपास पैदा होंगे रोजगार के अवसर, जानिए योगी सरकार कैसे कर रही फोकस
उत्तर प्रदेश सरकार को आशा है कि जिस तरह से यूपी में बड़े पैमाने पर निवेश आया है उससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और YEIDA में 6-6 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट विकसित होंगे जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा।

Yamuna Expressway Industrial Development Authority: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पहली बार यूपी में बड़े पैमाने पर निवेश आया है। सरकार के दावे के मुताबिक यूपी में इस बार हुई ग्लोबल इनवेस्टर समिट में 33.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश आए थे। इसमें विदेशों की कई नामी कम्पनियां भी शामिल हैं जो यूपी में निवेश करने के लिए लालायित हैं। योगी सरकार की मंशा निवेश का माहौल बनाकर यूपी में रोजगार के अवसर पैदा करना है ताकि उसका लाभ यहां के लोगों को मिल सके। इसी मकसद से यमुना एक्सप्रेस वे घरलू और विदेशी कम्पनियों को जमीन मुहैया कराई गई है।
यमुना एक्सप्रेस वे के पास 130 एकड़ जमीन आवंटित
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप ईडा के अधिकारी यमुना एक्सप्रेस को पहले ही फायदे में ला चुके हैं। अब बड़ी चुनौती रोजगार के अवसर मुहैया कराना है। एक्सप्रेस वे के पास 16 कम्पनियों को जमीन मुहैया कराई गई है जिसमें अधिकांश इलेक्ट्रानिक्स मैनुफैक्चरिंग से जुड़ी हुई हैं। इन कम्पनियों को युमना एक्सप्रेस वे के पास सेक्टर सात में 130 एकड़ जमीन मुहैया कराई गई है जहां इन कम्पनियों की यूनिट्स खोली जाएंगी। एक बार इन कम्पनियों के कार्यालय खुलने के बाद आने वाले समय में स्थानीय यूपी के लोगों को आसानी से रोजगार मिल सकेगा।
आईपीएफ नोएडा में निवेश करेगी 4 हजार करोड़ रुपये
यमुना एक्सप्रेस के पास कार्यालय खोलने वालों में यूके की इंडियन पार्टनरशिप फोरम (IPF) ने यूपी सरकार के प्राधिकरण YEIDA के साथ 4000 करोड़ रुपये का एक एमओयू किया है। अधिकारियों की माने तो यह MOU हाल ही में यूपी की राजधानी लखनऊ में हुई ग्लोबल इनवेस्टर समिट के दौरान किया गया था। यह एमओयू आईपीएफ के चेयरमैन मोहन कौल और YEIDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अरुणवीर सिंह के साथ हुआ था। अरुणवीर सिंह की नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के चेयरमैन भी हैं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
इस एमओयू के बारे में बात करते हुए अरुणवीर सिंह ने बताया कि एक इनोवेशन सेंटर के लिए एक एमओयू किया गया था। यह सेंटर मुख्यतौर पर दुनियाभर में बसे भारतीयों के लिए काम करेगा। इस इनोवेशन सेंटर के खुलने के बाद लगभग 20 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया होंगे। इसके अलावा भी उम्मीद है कि आने वाले समय में जापान, दक्षिण कोरिया, स्वीडन और डेनमार्क भी यहां बड़े पैमाने पर निवेश करेंगे। इसके अलावा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास बड़े पैमाने पर आवासीय परियोजनाओं शुरू होंगी और एक बेहतर टाउनशिप विकसित होगी।
कई नामी कम्पनियां कर रही हैं निवेश
YEIDA के मुताबिक इस क्षेत्र में कई तरह के औद्योगिक जोन बनाए गए हैं जिसमें इलेक्ट्रानिक सिटी, एपेरल पार्क, फूड पार्क शामिल है। इसके माध्यम से यहां निवेशक आकर्षित होंगे और बड़े पैमाने पर निवेश होगा। यहां पर इलेक्ट्रनिक, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े रोजगार पैदा होंगे। इसके अलावा ईडा की तरफ से कामिर्शियल और आवासीय रियल स्टेट प्रोजेक्टस भी शुरू किए जाएंगे। इसकी वजह से निर्माण के क्षेत्र से जुड़े प्लेयर निवेश करेंगे जिससे हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा यहां पर फिल्म सिटी, मल्टी डिवाइस पार्क और रॉयल हेरिटेज सिटी जैसे प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे।
अलग-अलग सेक्टर में निवेश कर रहीं कई कम्पनियां
ईडा के अधिकारियों की माने तो हाल ही में हीरानंदानी ग्रुप ने इस क्षेत्र में सेमीकंडक्टर पार्क की स्थापना के लिए 100 एकड़ जमीन की डिमांड की है। कम्पनी की इस डिमांड पर अधिकारी काम कर रहे हैं। स्मार्ट फोन निर्माता कम्पनी विवो की तरफ से भी ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे के पास सात हजार करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया गया है। कम्पनी के अधिकारियों की माने तो इतने बड़े पैमाने पर निवेश के बाद यहां कम से कम दस हजार लोगों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। इसके अलावा कई भारतीय कम्पनियां जैसे सूर्या ग्लोबल और बीकानेर फूड्स भी यमुना एक्सप्रेस वे के पास निवेश करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications