संभल: गर्भवती महिला की गला रेतकर हत्या, ऑनर किलिंग का शक
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में एक गर्भवती महिला की गला रेतकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खास बात ये है कि महिला की हत्या का आरोप किसी और पर नहीं बल्कि उसी के सगे भाइयों पर लगा है। पुलिस के मुताबिक महिला ने 5 साल पहले घर वालों की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी से कोर्ट मैरिज की थी। तभी से उसके घर के सदस्य महिला से खुश नहीं थे। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

पति घर लौटा तो मिला पत्नी का शव
बता दें कि हत्या को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब महिला का पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर लौट कर आया तो उसकी पत्नी मृत अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर, जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मृतका की कोर्ट मैरिज सदर कोतवाली इलाके के रहने वाले मनोज कुमार से 5 साल पहले हुई थी। ये बात जैसे ही महिला के परिजनों को पता लगी, उसके परिजन महिला और उसके पति से रंजिश मानने लगे थे। उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी देते थे।

महिला के भाईयों पर हत्या का शक
इतना ही नहीं लड़की के घरवालों ने युवक और उसके भाइयों पर कोतवाली में लड़की के अपहरण और हत्या की कोशिश धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज़ कराया था, जिसमें युवक सहित उसके भाई लगभग 6 महीने जेल में रहे थे। मगर फिर भी लड़की पक्ष के लोगों में नफरत की आग कम नहीं हुई। महिला के पति का आरोप है की लड़की पक्ष के लोग उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी लगातार देते आ रहे थे। मृतका का पति मनोज वीडियोग्राफी का काम करता है, जोकि रात कहीं वीडियोग्राफी करने अपने दो साथियों के साथ बाहर गया हुआ था।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने महिला के पति की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर जांच कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। मृतका 5 माह की गर्भवती थी। वहीं उसका एक डेढ़ साल का बच्चा भी है।












Click it and Unblock the Notifications