बुरी नीयत से महिला को दबोचा, अपने ही तमंचे से मारा गया आरोपी
पति का दोस्त शराब पीकर कुछ दोस्तों के साथ महिला के घर पहुंचा। वहींं उसने महिला को दबोच लिया, तभी उसका तमंचा नीचे गिरा। महिला ने तमंचा उठाकर गोली चला दी।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में थाना फरीदपुर के मोहल्ला भूरे खां की गौटिया में एक महिला ने अपनी इज्जत बचाने के लिए गोली मारकर अपने पति के दोस्त की जान ले ली। बताया जाता है तमंचा मृतक का था। तमंचा महिला के कब्जे में जैसे ही आया, उसने गोली दाग दी। आरोपी लड़खड़ाकर जमीन पर गिरा तब महिला ने उसकी जेब से गिरे कारतूस को लोड करके दूसरी गोली मार दी। मौके पर ही आरोपी की मौत हो गई।
Read Also: लड़की से छेड़छाड़ के विरोध पर बाप-बेटे को मारी गोली, मर्डर
पड़ोसियों से घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के मुताबिक, उसने अपनी इज्जत बचाने के लिए गोली चलाई।
पुलिस के अनुसार मृतक अतुल राज सिंह ने अपने चार दोस्तों के साथ शराब पी। इसके बाद एक साथ महिला के घर पहुंचे। अतुल ने महिला को बुरी नियत से दबोच लिया। इसी दौरान अतुल का तमंचा जमीन पर गिर गया। महिला ने मौके का फायदा उठाते हुए दो फायर कर दिए। वहीं अतुल की मौत हो गई। फरीदपुर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करके अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के उस आरोप की जांच शुरू कर दी जिसमें महिला ने कहा था कि अतुल अपने चार दोस्तों के साथ बुरी नियत से उसके घर पहुंचा था ।
वहीं मृतक अतुल राज के परिवार का आरोप है कि महिला ने मकान बनाने के लिए कर्ज ले रखा था। कई बार मांगने पर भी महिला ने एक रुपया नही दिया था। बीती रात भी इसी सिलसिले में मृतक रुपए मांगने गया था। महिला का पति मलेशिया में काम करता है। फिलहाल इस घटना से इलाके के लोग अचंभित हैं।
Read Also: 'मोदी जिंदाबाद' के नारे पर दो पक्षों में बवाल, पथराव, फायरिंग