UP Police की महिला कांस्टेबल ने Canada में लहराया तिरंगा, जूते खोने के बावजूद स्टीपल चेस में जीता गोल्ड
यूपी पुलिस की कांस्टेबल सरिता शर्मा ने कनाडा में गोल्ड जीत कर भारत सहित उत्तर प्रदेश का नाम भी रोशन कर दिया है। सरिता शर्मा ने वर्ल्ड पुलिस ऑफ फायर गेम्स-2023 में 3 किलोमीटर स्टीपल चेस दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं उनकी इस सफलता के पीछे की कहानी भी बेहद ही दिलचस्प है।
उत्तर प्रदेश पुलिस की कांस्टेबल ने रचा इतिहास
बता दें कि मेरठ के बड्ढा कैथवाड़ा गांव की मूल निवासी कांस्टेबल सरिता शर्मा फिलहाल सहारनपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं। सरिता शर्मा 28 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित हुए वर्ल्ड पुलिस ऑफ फायर गेम्स-2023 में भाग लेने कनाडा गई थी। ये गेम्स कनाडा के विनिपेग शहर में आयोजित किये गए थे। जिसमे उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से एकमात्र खिलाड़ी सरिता शर्मा इन इंटरनेशनल गेम्स में शामिल हुई थी।

हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा
उन्होंने तीन किलोमीटर की स्टीपल चेस रेस में हिस्सा लिया था। इस रेस में कुल 35 बाधाएं थीं, जिन्हें पार करने के बाद सरिता ने गोल्ड मेडल जीता है। मैडल जीतने के बाद सरिता जब कनाडा के मैदान पर तिरंगा ओढ़कर चल रही थीं, तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया था। वो दृश्य देखने लायक था।

एंड मौके पर मिला वीजा
कांस्टेबल सरिता शर्मा ने बताया, 'मैं पंजाब में खेल से जुड़ी तैयारियां कर रही थी। इस वजह से मेरा वीजा बनने में देरी हो गई। 26 जुलाई की रात को दिल्ली से मेरी कनाडा जाने वाली फ्लाइट थी और वीजा मुझे सुबह 11 बजे प्राप्त हुआ। मैंने वीजा पाने के लिए बड़ी जद्दोजहद की। भगवान से प्रार्थना की और अधिकारियों से भी गुजारिश की।'
एयरपोर्ट पर सामान छूटा
आपको बता दें कि सरिता के साथ केवल वीजा को लेकर ही दिक्कत सामने नहीं आई थी। बल्कि उनका सामान भी रास्ते में कहीं खो गया था। दरअसल, जिस फ्लाइट से वो कनाडा गई थी, वो फ्लाइट पहले स्विटरलैंड के ज्यूरिख गई और फिर वहां से कनाडा के विनिपेग शहर पहुंची। लेकिन रास्ते में एयरलाइंस की गलती से उनका सारा सामान ज्यूरिख में छूट गया।

नए जूतों में लगाई दौड़
सरिता ने बताया कि खो गए बैग में उनके जूते और पूरी किट रखी हुई थी। उसके बिना इंटरनेशनल गेम्स में दौड़ना बेहद ही चुनौतीपूर्ण था। कई दिन इंतजार के बावजूद जब एयरलाइंस ने सामान नहीं पहुंचाया तो उन्होंने कनाडा में नए जूते खरीदे। आपको बताते चलें कि किसी भी धावक के लिए नए जूतों में दौड़ना काफी कठिन होता है। लेकिन उन्होंने अपने हौसले को बांधे रखा और उत्तर प्रदेश पुलिस ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गोल्ड मेडल भी जीता।

15 अगस्त पर कप्तान साहब ने बढ़ाया हौसला
वहीं 15 अगस्त को कप्तान डॉ. विपिन ताडा द्वारा सरिता शर्मा को सम्मानित भी किया गया है। उनके द्वारा इनाम के तौर पर प्रशस्ति पत्र और 1.50 लाख रुपए दिए गए है। सरिता का कहना है कि यह इनाम उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इससे उनका हौसला और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा वो भविष्य में देश के लिए ओर भी गोल्ड लाने का प्रयास करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications