Dhirendra Pratap Singh कौन थे? Lucknow में सिर-सीने पर गोली मारकर हत्या, Kuldeep Singh Sengar से गहरा नाता

Dhirendra Pratap Singh Murder: लखनऊ में महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर दर्दनाक हत्या कर दी गई। इसके बाद, शव नहर में फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि धीरेंद्र प्रताप सिंह के सिर और सीने पर गोली लगी। 29 अगस्त की शाम को सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से अगवा किया गया, 30 अगस्त की शाम को लाश पुलिस को बरामद हुई।

खास बात यह है कि उन्नाव के चर्चित माखी दुष्कर्म मामले से जुड़े पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के कट्टर समर्थक थे। धीरेंद्र का उन्नाव में काफी दबदबा था। खुद को बीजेपी नेता कहते थे। हालही में, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करके शिकायती पत्र सौंपा था। मृतक धीरेंद्र की पत्नी ने ड्राइवर पर हत्या का शक जताया है। मामले में ड्राइवर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।आइए विस्तार से जानते है कि क्यों की गई हत्या?

who-was-dhirendra-pratap-singh

Who Was Dhirendra Pratap Singh: कौन थे धीरेंद्र प्रताप सिंह?

धीरेंद्र प्रताप सिंह, मूल रूप से उन्नाव के फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के राजेपुर गांव के रहने वाले थे। पिछले कई सालों से उनका परिवार लखनऊ में रह रहा था। वह प्रॉपर्टी के कारोबार के साथ ट्रांसपोर्ट का काम भी करते थे और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े थे। उनका राजनीतिक क्षेत्र में भी संपर्क था। हालांकि, वह खुद को भाजपा नेता बताते थे, लेकिन उन्नाव भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक पार्टी में उनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं था।

धीरेंद्र का महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़ाव था और वह इसके अध्यक्ष बताए जाते हैं। उनके कई राजनीतिक लोगों और अधिकारियों से संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है।

Kuldeep Singh Senger से क्या था संबंध?

धीरेंद्र प्रताप सिंह का नाम उन्नाव के चर्चित माखी दुष्कर्म मामले से जुड़े एक मुकदमे में भी सामने आया था। स्थानीय लोगों और परिवार से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र की शुरुआती राजनीतिक पहचान पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थक के तौर पर बनी। वह सेंगर के करीबी समर्थकों में गिने जाते थे।

2017 में माखी दुष्कर्म पीड़िता के चाचा के खिलाफ दर्ज एक कथित वसूली के मुकदमे में धीरेंद्र का नाम गवाह के तौर पर भी सामने आया था। ऐसे में पुलिस सुरक्षा के तहत दो गनर धीरेंद्र को दिए गए थे। हालांकि, हत्या वाले दिन वह अपने गनर साथ लेकर नहीं निकले थे।

29 अगस्त को कैसे लापता हुए धीरेंद्र?

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम धीरेंद्र अपनी फॉर्च्यूनर से घर से निकले थे। इसके बाद उनसे परिवार का संपर्क नहीं हो पाया। धीरेंद्र की पत्नी ममता सिंह ने पुलिस में शिकायत देकर उनके ड्राइवर और उसके साथियों पर अपहरण की आशंका जताई थी। परिवार के मुताबिक, ड्राइवर ने पहले बताया कि धीरेंद्र पलासियो मॉल में हैं और बाद में कहा कि उन्नाव से आए परिचितों के साथ वह कहीं गए हैं। जब देर रात तक धीरेंद्र घर नहीं लौटे और उनका फोन बंद मिला तो परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने इसके बाद मामले की जांच शुरू की और कई टीमें लगाई गईं।

नहर में मिला शव, शरीर पर गोली के निशान

30 अगस्त की शाम दुबग्गा इलाके में एक नहर के पास शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान धीरेंद्र प्रताप सिंह के रूप में की। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके सिर और सीने पर हिस्से में गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस को शक है कि हत्या उनकी फॉर्च्यूनर SUV में की गई और बाद में शव को नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने उनकी फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है और फोरेंसिक टीम से उसकी जांच कराई जा रही है।

ड्राइवर पर क्यों गहराया शक?

धीरेंद्र के लापता होने के बाद परिवार ने सबसे पहले उनके ड्राइवर पर शक जताया था। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में ड्राइवर के बयान संदिग्ध पाए गए। जांच में CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से उसकी बताई कहानी की पड़ताल की गई। ताजा रिपोर्टों में ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या में और कौन लोग शामिल थे।

Dhirendra Pratap Singh Murder Reason: हत्या की वजह क्या थी?

पुलिस की शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्नाव में 50 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या से जोड़कर जांच की जा रही है। धीरेंद्र की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे गए एक पत्र की जानकारी भी सामने आई है, जिसमें उन्नाव की बांगरमऊ तहसील में सरकारी जमीन, तालाब और अन्य जमीनों पर कथित कब्जे और अवैध रजिस्ट्री की शिकायत की गई थी।

हालांकि, यह पत्र कब लिखा गया था और हत्या से इसका सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिए जमीन विवाद को फिलहाल पुलिस की जांच का एंगल ही माना जाना चाहिए।

गांव में कैसी थी पहचान?

राजेपुर गांव में धीरेंद्र का परिवार खेती और जमीन से जुड़ा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह करीब दो दशक पहले पढ़ाई के लिए गांव से बाहर गए थे। बाद में लखनऊ में रहने लगे और धीरे-धीरे प्रॉपर्टी के कारोबार तथा राजनीतिक-सामाजिक गतिविधियों से जुड़ते गए। परिवार की आर्थिक स्थिति में भी समय के साथ सुधार हुआ। गांव में उनका मकान है और परिवार के पास जमीन भी बताई जाती है। धीरेंद्र महीने में कई बार गांव आते थे और ग्रामीणों से मिलते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह गांव की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाने में भी मदद करते थे।

Dhirendra Pratap Singh Family: परिवार में सबसे बड़े थे

धीरेंद्र प्रताप सिंह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े बताए जाते हैं। उनकी पत्नी का नाम ममता सिंह है। उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद राजेपुर गांव में शोक का माहौल है। परिवार और ग्रामीण बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचे।

Hindu Yuva Vahini Dhirendra Pratap Singh: हिंदू युवा वाहिनी वाले धीरेंद्र को लेकर फैला भ्रम

इस मामले में सबसे बड़ा भ्रम नाम और पहचान को लेकर हुआ। हत्या की शुरुआती खबरों में मृतक धीरेंद्र प्रताप सिंह को हिंदू युवा वाहिनी का लखनऊ मंडल प्रभारी बताया गया। लेकिन बाद में इसी नाम के हिंदू युवा वाहिनी पदाधिकारी खुद वीडियो में सामने आए और कहा कि वह पूरी तरह जीवित और सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कुछ न्यूज चैनलों ने उन्नाव के रहने वाले एक अन्य धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या को उनसे जोड़ दिया और उनका फोटो भी इस्तेमाल कर दिया। उन्होंने मीडिया से खबर प्रकाशित करने से पहले पहचान की पुष्टि करने की अपील की।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+