कौन था सिंगर अंकित बालियान? हत्याकांड के 5 दिन बाद एनकाउंटर में दो शूटर ढेर, अब पुलिस ने खोला सारा राज
Ankit Baliyan Death: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान मर्डर केस में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। शामली में सोमवार (31 अगस्त) को पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शूटर मारे गए। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस के मुताबिक, मारे गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित (22) और सुमित (24) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों को अंकित बालियान की हत्या में शूटर के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। मुठभेड़ के दौरान दो SWAT कर्मियों को भी गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल और 26 कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

कौन थे अंकित बालियान? (Who Was Ankit Balyan?)
यूपी के शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान पूर्व कबड्डी खिलाड़ी थे। पैर में फ्रैक्चर के कारण उन्होंने खेल छोड़ दिया था। उनके पिता सतबीर सिंह सेना से रिटायर्ड किसान हैं। 2016 में गांव में मोबाइल दुकान चलाने के बाद उन्होंने दिल्ली से बीपीएड किया और 2018 में सोनीपत (हरियाणा) शिफ्ट हो गए।
अंकित हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में बतौर मॉडल और एक्टर बेहद लोकप्रिय चेहरा बन चुके थे। 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' और 'एक खटोला जेल के भीतर' जैसे उनके गानों को यूट्यूब पर 5.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। उनके गानों और रील्स में कोर्ट, मर्डर और गैंगस्टर कल्चर प्रमुखता से दिखता था। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 5 लाख फॉलोअर्स थे।
परिजनों के मुताबिक हरियाणा के कुछ गायकों से विवाद और रंगदारी मांगने के चलते वे पिछले 6 महीने से वहां नहीं जा रहे थे और अपने गांव शामली में रह रहे थे। वे हरियाणा के स्टेज शो से दूर रहकर सिर्फ रोहतक और सोनीपत के आसपास ही सक्रिय रहते थे।
कार रोकने पर भागे आरोपी, फिर चली गोलियां
शामली पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को हुई अंकित बालियान की हत्या के बाद जिले में हाई अलर्ट कर दिया गया था। रात में वाहनों की चेकिंग बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास एक कार को रुकने का इशारा किया।
पुलिस का दावा है कि कार सवार लोग रुकने के बजाय भागने लगे और उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहित और सुमित को गोली लगी। दोनों को शामली के जिला संयुक्त अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शामली के SP नरेंद्र प्रताप सिंह ने मुठभेड़ को लेकर कहा, "चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार को रुकने के लिए कहा था। कार सवार भागने लगे और पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हुए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।"
जिम से निकले ही थे अंकित, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे शामली के कोतवाली इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, वह जिम से बाहर निकलकर अपनी कार की तरफ जा रहे थे। तभी दो मोटरसाइकिलों पर आए चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
अंकित को गंभीर हालत में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसमें कथित तौर पर अंकित को जिम से निकलकर कार की तरफ जाते देखा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर पांच गोली लगने के निशान मिले। इनमें दो गोलियां सिर में लगी थीं
पुलिस जांच से साफ हुआ है कि इस हत्याकांड का ताना-बाना कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े राहुल उर्फ भोलू ने बुना था। भोलू ने ही स्नैपचैट के जरिए शूटरों से संपर्क साधा, उन्हें पैसे दिए और पिस्टल मुहैया कराकर शामली भेजा। चारों शूटर अलग-अलग रास्तों से शामली पहुंचे थे। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि उन्हें यहां पहुंचकर दो अन्य स्थानीय लोगों से मिलना था।
गाने और बालियान गोत्र का पूरा विवाद
हत्या की असली वजह साढ़े तीन साल पुराना एक गाना बनी, जिसमें अंकित ने काम किया था। गाने की लाइनों में कोर्ट में गोली चलने और जज को पसीना आने की बात कही गई थी। गोगी गैंग को शक था कि यह गाना तिहाड़ जेल में मारे गए गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया के समर्थन में बनाया गया है, क्योंकि टिल्लू भी बालियान गोत्र का था।
गैंग को लगा कि अंकित का टिल्लू से कोई संबंध है और उसने उनका अपमान करने के लिए यह गाना गाया। हालांकि अंकित ने एक इंटरव्यू में साफ किया था, "मेरा इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं है, मैं हरियाणा का नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला हूं।"
पुलिस के मुताबिक अंकित को पहले से ही अपनी जान का खतरा था। जब वह दिल्ली के कनॉट प्लेस घूमने गया था, तब उसे बदमाशों ने रोककर धमकी दी थी। उसे कहा गया था कि उसने गाना बनाकर ठीक नहीं किया और इसका अंजाम बुरा होगा। उस वक्त मामला शांत लग रहा था, लेकिन गैंग ने मौका देखते ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य दो शूटरों की तलाश में जुटी है।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान SWAT टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं। ऑपरेशन में शामली कोतवाली, झिंझाना थाना और शामली SWAT टीम के जवान शामिल थे। पुलिस ने मोहित और सुमित के पास से तीन पिस्टल और 26 कारतूस बरामद करने की बात कही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मोहित पर हरियाणा में करीब 14 केस दर्ज थे। सुमित के खिलाफ एक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। दोनों के बाकी आपराधिक रिकॉर्ड की जांच अभी जारी है।
अब बाकी आरोपियों की तलाश तेज
दो संदिग्ध शूटरों के मारे जाने के बाद भी अंकित बालियान हत्याकांड की जांच खत्म नहीं हुई है। पुलिस और उत्तर प्रदेश STF की टीमें बाकी आरोपियों की तलाश में संयुक्त ऑपरेशन चला रही हैं। फिलहाल पुलिस की जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि हत्या की साजिश किसने रची, राहुल की इसमें क्या भूमिका थी और बाकी हमलावर कौन हैं। वहीं मुठभेड़ को लेकर शामली कोतवाली में आगे की कानूनी कार्रवाई भी चल रही है।


Click it and Unblock the Notifications
